अमन हत्याकांड: बदमाशों और पुलिस की मुठभेड़, तीन बदमाश गिरफ्तार; एक को लगी गोली, प्रेम प्रसंग में हुई वारदात
Roorkee Crime News: ढंडेरा में बाइक सवार बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। देर रात आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देसी शराब के कैंटीन संचालक अमन की हत्या का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी जबकि भाग रहे दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने कांबिंग के बाद पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर मार्ग ढंडेरा निवासी 30 वर्षीय अमन 21 अगस्त को कैंटीन बंद करके साथी प्रशांत के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे पांच बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रशांत घायल होकर रास्ते में गिर गया। अमन का पीछा कर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
अमन हत्याकांड: मौत की तस्दीक होने तक बरसाते रहे गोलियां, रेकी के बाद हुई वारदात; प्रेम प्रसंग से भी जुड़े तार
हत्या से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी। 22 अगस्त की रात करीब आठ बजे अमन का शव ढंडेरा पहुंचा जहां रात करीब दस बजे अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। देर रात सूचना मिली कि कुछ आरोपी बाइक से भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी सौरभ ताजपुरिया निवासी डिफेंस कॉलोनी निकट आकाशदीप कॉलोनी रुड़की के पैर में गोली लगी। वहीं, भाग रहे दो बदमाशों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने अपना नाम अर्पित सैनी निवासी ठसका कोतवाली मंगलौर और दीप यादव निवासी माता वाला हसन बाग कस्बा लंढौरा कोतवाली मंगलौर बताया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक का दूसरे पक्ष की एक महिला से प्रेम-प्रसंग था। इसी से परेशान होकर परिवार के एक सदस्य ने साथियों के साथ मिलकर अमन की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस फरार प्रणय और सौरभ उर्फ बल्ली निवासी रुड़की की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।