देहरादून: शहर से देहात तक खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों पर मारे छापे, जारी किए नोटिस
विभागीय टीमों ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र से लेकर नेहरू कॉलोनी, ऋषिकेश, डोईवाला, रानीपोखरी, भानियावाला और विकासनगर तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
विस्तार
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को शहर से लेकर देहात तक कई प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। यहां से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। ज्यादातर प्रतिष्ठानों पर पानी की जांच और कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट नहीं पाई गई। ऐसे में विभाग की ओर से इन सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार नोटिस पाने वाले प्रतिष्ठान अगले आदेशों तक खाद्य पदार्थों का निर्माण नहीं कर सकेंगे।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय ने बताया कि विभागीय टीमों ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र से लेकर नेहरू कॉलोनी, ऋषिकेश, डोईवाला, रानीपोखरी, भानियावाला और विकासनगर तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और साफ-सफाई की व्यवस्था की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक ढाबे और एक अन्य खाद्य प्रतिष्ठान के खिलाफ अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालन को लेकर चालान की कार्रवाई की गई।
कोर्ट परिसर की कैंटीन में खामियां, ढाबों पर की सख्ती
टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह के नेतृत्व में देहरादून स्थित कोर्ट परिसर की खाद्य कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर खाद्य लाइसेंस, पेयजल की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। इस पर संबंधित संचालक को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित नियमों का अनुपालन नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अंकिता हत्याकांड: उर्मिला सनावर की मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की मांग, बोलीं-कई राजों से उठेगा पर्दा
नेहरू कॉलोनी
इसके बाद टीम ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां स्वाद पंजाब ढाबा और अंगीठी मोमोज में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, नेगी जी कुरकुरे हाट, अंगीठी बाय गौरव में पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। इन प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। राहुल स्वीट्स, चंचल स्वीट्स और आहूजा स्वीट्स को मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए।
ऋषिकेश व डोईवाला
इसी अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह ने भानियावाला, रानीपोखरी, डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में मिठाई की दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त के निर्देशों के क्रम में मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया।
अधोमानक पाए गए नमूने
विभाग ने खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच में अधोमानक पाए जाने के मामलों में भी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि पनीर लूज (आईटी पार्क), पनीर लूज (विकासनगर), गाय का दूध (सीमाद्वार), सिंघाड़े का आटा और नट फ्लोर (नेहरू कॉलोनी) के नमूने जांच में अधोमानक पाए गए। इन मामलों में संबंधित खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस भेजे गए हैं।