'बनारस में बीजेपी ने कराए केजरीवाल पर हमले'

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बनारस में हो रहे हमलों में पार्टी ने बीजेपी पर साजिश रचने आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि इस तरह के हमलों से साफ है कि नरेंद्र मोदी खेमा केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता से चिंतित है।

पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले बारह घंटों में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दो बार केजरीवाल के प्रचार अभियान को बाधित करने की कोशिश की है।
लोगों की भीड़ के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि केजरीवाल के साथ धक्का-मुक्की भी की। शुक्रवार सुबह केजरीवाल की पदयात्रा रोकने की कोशिश भी की गई।
'निकल गई मोदी लहर की हवा'

AAP का कहना है कि बनारस में मोदी लहर की बात करने वाली भाजपा अब गलत हरकतें कर रही है। इसकी वजह यह है कि केजरीवाल के बनारस पहुंचते ही मोदी लहर की हवा निकल गई है।
AAP का आरोप है कि हताशा में भाजपा कार्यकर्ता हमलों पर उतर आए हैं। केजरीवाल के प्रचार अभियान को रोकने के लिए अंडे व पत्थर का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस तरह की घटनाओं की निंदा करते हुए AAP का कहना है कि भाजपा अब ताकत के दम पर मोदी लहर बनाने की कोशिश कर रही है। लेकिन आम लोगों के मजबूत समर्थन के दम पर आप इसे कामयाब नहीं होने देगी।