छात्रा ने खुद को जिंदा जलाया: पहले से अलर्ट मोड पर था पूरा स्कूल, फिर कैसे सबको चकमा दे गई 12वीं की बच्ची?
छात्रा के परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है, छात्रा की भाभी का कहना है कि स्कूल में बच्चों को टीचर्स के हवाले कर दिया जाता है। कैसे उनकी मौजूदगी में छात्रा के साथ ऐसा हुआ। परिवार ने आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ कुछ अनहोनी हुई है, वह ऐसा कदम नहीं उठा सकती है।
विस्तार
स्कूल परिसर में छात्रा की आत्महत्या करने को लेकर स्कूल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर कैसे तमाम स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में छात्रा ने ऐसा कदम उठा लिया। क्या किसी ने छात्रा को ऐसा करते हुए नहीं देखा। सूत्रों ने कहा कि छात्रा के चिल्लाने पर स्कूल में मौजूद स्टाफ को जब पता चला तो वह वहां भागे। वहां पहुंचते ही सभी के होश उड़ गए। छात्रा मुंह के बल गिरी पड़ी थी। उसके शरीर की हरकत भी थम चुकी थी। फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलने के कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूत्रों ने कहा कि छुट्टी से पहले ही स्कूल की छात्राओं को घर भेज दिया गया। इस बीच धीरे-धीरे शिक्षा विभाग के अधिकारी भी वहां पहुंच गए।
सातवें पीरियड में गई थी क्लास से बाहर
स्कूल सूत्रों ने बताया कि शनिवार को स्कूल में इंस्पेक्शन था। उसको लेकर पूरा स्कूल ही अलर्ट मोड में था। अमूमन इंस्पेक्शन के दौरान स्कूल के रिकॉर्ड्स से लेकर तमाम चीजों की पड़ताल होती है। सूत्रों का कहना है कि स्कूल में उस समय सातवां पीरियड चल रहा था। अचानक छात्रा ने पानी पीने जाने की टीचर से इजाजत ली। वह पानी की बोतल लेकर क्लास से निकल गई। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद छात्रा गार्ड रूम के पीछे पहुंची। यहीं पर पानी की टंकी भी लगी है। छात्रा ने वहीं पर अपने ऊपर बोतल से ज्वलनशील पदार्थ डाला और खुद को आग लगा ली। उसके चिल्लाने की आवाज जब स्टाफ तक पहुंची तो सभी भागे-भागे वहां पहुंचे।
छात्रा के परिजनों ने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया
छात्रा के परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है, छात्रा की भाभी का कहना है कि स्कूल में बच्चों को टीचर्स के हवाले कर दिया जाता है। कैसे उनकी मौजूदगी में छात्रा के साथ ऐसा हुआ। परिवार ने आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ कुछ अनहोनी हुई है, वह ऐसा कदम नहीं उठा सकती है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छात्रा को पढ़ाने वाले तमाम टीचर्स से पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा शनिवार को जिस टीचर के पीरियड से छात्रा ने पानी पीने की बात निकली थी, उससे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस स्कूल में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है।
पुलिस ने स्कूल से जुटाए सबूत
हादसे के बाद जांच करने पहुंची पुलिस टीम ने स्कूल से आत्महत्या मामले में साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने स्कूल में लगा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लिया है। इसके अलावा स्कूल के गार्ड से भी पूछताछ की जा रही है। इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय सुरक्षा गार्ड कहां था। इसके अलावा छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर सबसे पहले कौन पहुंचा। पुलिस ने छात्रा की हाजिरी के रजिस्टर की भी पड़ताल की है। छात्रा की सहेलियों से भी पूछताछ की है। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत तमाम दृष्टिकोणों से पड़ताल कर रही है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ अहम जानकारियां उनकी टीम को मिली हैं।
छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई : शिक्षा मंत्री आशीष सूद
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस घटना से सभी व्यथित हैं और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष एवं गहन जांच जरूरी है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री आशीष सूद इसके बाद कृष्णा नगर के विधायक अनिल गोयल भी मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधन ने सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करना है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकें। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार जरूरी कदम उठाए जाएंगे।