'रहमदिल बदमाश': मोमोज खा रहे सतीश पर चार लड़कों का हमला, कूल्हे पर चाकू मारे फिर स्कूटी से ले गए अस्पताल
पुलिस के अनुसार घायल सतीश को आरोपी युवक स्कूटी से निजी अस्पताल सेक्टर-19 लेकर पहुंचे और अस्पताल के बाहर छोड़कर भाग गए।
विस्तार
ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र की बसेलवा कॉलोनी में चाऊमीन-मोमोज खा रहे 23 वर्षीय युवक पर चार युवकों ने चाकू और नुकीले हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के दाएं पैर के कूल्हे पर गंभीर चोट लगी। पुलिस ने घायल के पिता की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक ही घायल को उपचार के लिए स्कूटी पर अस्पताल लेकर गए थे। अस्पताल पहुंचने के बाद घायल को बाहर छोड़कर भाग गए।
सतीश का परिवार बिहार का रहने वाला
खरुवा, मधुबनी बिहार निवासी और वर्तमान में न्यू अहिरवाड़ा में किराये पर रहने वाले शकल देव यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा सतीश यादव 6 अक्तूबर की रात करीब 9:45 बजे बसेलवा कॉलोनी में ट्यूबवेल नंबर-2 के पास सुंदर सन की दुकान के बाहर चाऊमीन और मोमोज खा रहा था। इसी दौरान तरुण, युवराज उर्फ गडवाली, राहुल उर्फ बुद्धि और अरुण वहां पहुंचे।
अरुण ने सतीश के कूल्हे पर किया चाकू से हमला
शिकायत के अनुसार युवराज ने अपनी स्कूटी से चाकू निकालकर अरुण को दिया। इसके बाद तरुण ने अरुण से सतीश को जान से मारने के लिए कहा। आरोप है कि अरुण ने सतीश के दाएं पैर के कूल्हे पर चाकू से वार कर दिया। वहीं राहुल ने हाथ में लिए नुकीले हथियार से हमला करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद विनोद ने राहुल को पकड़ लिया, जिसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई।
सतीश को अस्पताल के बाहर छोड़कर भागे बदमाश
पुलिस के अनुसार घायल सतीश को आरोपी युवक स्कूटी से निजी अस्पताल सेक्टर-19 लेकर पहुंचे और अस्पताल के बाहर छोड़कर भाग गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।