गाजियाबाद: बड़का आरिफपुर में अज्ञात वाहन ने तीन राहगीरों को रौंदा, अधेड़ की मौत; एफआईआर दर्ज
गाजियाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग घायल भी हुए। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विस्तार
मसूरी थाना क्षेत्र के बड़का आरिफपुर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर जा रहे तीन लोगों को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, हादसे में तीनों व्यक्ति घायल हो गये, तीनों घायलों की पहचान करन सिंह 50 पुत्र ज्ञान चन्द व रवि कुमार 35 पुत्र राजेश तथा बालकीशन 36 पुत्र नानक निवासीगण ग्राम बड़का आरिफपुर मसूरी के रूप में हुई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने करन सिंह पुत्र ज्ञान चन्द को मृत घोषित कर दिया, जबकि रवि कुमार 35 गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीसरे व्यक्ति बालकीशन 36 मामूली रूप से घायल हुये हैं।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मृतक करन सिंह के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिये भेजा गया है। घायल रवि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना से मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है तथा तीसरे घायल बालकीशन को प्रथम उपचार देकर घर भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
एसीपी ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के भाई अजय ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है, जांच-पड़ताल की जा रही है, जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।