आरके पुरम में हादसे का वीडियो: होंडा अमेज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, आरोपी चालक गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
आरके. पुरम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के दौरान, दुर्घटना करने वाली नीले रंग की होंडा अमेज कार को जब्त कर लिया गया।
विस्तार
दिल्ली के आरके पुरम स्थित अफ्रीका एवेन्यू रोड पर 17 सितंबर 2026 को रात करीब 10:00 बजे एक सड़क दुर्घटना हुई। यह घटना भीकाजी कामा प्लेस से आरके. पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। पुलिस को रात 10:22 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान पता चला कि मुनिरका गांव निवासी तनिष्क टोकस (21) अपनी काली मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी करके बैठे थे। तभी वसंत कुंज निवासी वेणु गोपाल (73) नीले रंग की होंडा अमेज कार चला रहे थे। उनकी कार ने खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण तनिष्क टोकस मोटरसाइकिल से गिर गए। होंडा कार मोटरसाइकिल को कुछ दूर तक घसीटती ले गई। हालांकि, तनिष्क टोकस को कार ने नहीं घसीटा। उनकी मेडिकल जांच की गई, जिसमें उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
मामला दर्ज और गिरफ्तारी
इस संबंध में आरके. पुरम थाने में एफआईआर संख्या 221/26, धारा 281/125(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान, दुर्घटना करने वाली नीले रंग की होंडा अमेज कार को जब्त कर लिया गया। आरोपी चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की भी मेडिकल जांच की गई, जिसमें शराब का सेवन नहीं पाया गया।