नमो भारत ट्रेन: यात्रियों के लिए ट्रिप पास की सुविधा शुरू, जानिए किन यात्रियों को किस तरह से मिलेगी राहत
एनसीआरटीसी ने नमो भारत के नियमित यात्रियों के लिए 'ट्रिप पास' सुविधा शुरू की है। ट्रिप पास अलग-अलग यात्राओं और अवधि के हिसाब से उपलब्ध होंगे। एक यात्रा वाला पास 15 दिन के लिए, दो यात्राओं वाला 30 दिन के लिए मान्य होगा।
विस्तार
नमो भारत में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने नई सुविधा शुरू की है। अब कार्ड से यात्रा करने वाले नियमित यात्री पहले से कई यात्राओं के लिए ‘ट्रिप पास’ खरीद सकेंगे। इससे उन्हें हर यात्रा के लिए अलग से टिकट लेने या बार-बार कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत कम होगी। खासतौर पर एक ही स्टेशन से दूसरे तय स्टेशन के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जो नियमित रूप से एक निश्चित मार्ग पर यात्रा करते हैं। ऐसे यात्री अपनी जरूरत के अनुसार एक से 40 यात्राओं तक का ट्रिप पास ले सकते हैं। पास को एनसीएमसी कार्ड में डालने के बाद संबंधित शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच यात्रा करने पर एक यात्रा अपने आप पास में से कम हो जाएगी।
ट्रिप पास अलग-अलग यात्राओं और अवधि के हिसाब से उपलब्ध होंगे। एक यात्रा वाला पास 15 दिन के लिए, दो यात्राओं वाला 30 दिन, 5, 10 यात्राओं वाले पास 30 दिन, 15 और 20 यात्राओं वाले पास 60 दिन व 40 यात्राओं वाला पास 90 दिन तक मान्य होगा। एक दिन में भी इसका कई बार इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन यात्रा उन्हीं दो स्टेशनों के बीच करनी होगी, जिनके लिए पास खरीदा गया है। 15, 20 और 40 यात्राओं वाले पास को वापस करने पर 200 रुपये की प्रशासनिक फीस काटी जाएगी। वहीं एक, दो, पांच और 10 यात्राओं वाले पास वापस नहीं किए जा सकेंगे।
दूसरे स्टेशन जाने पर सामान्य किराया
ट्रिप पास केवल तय किए गए शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच ही मान्य होगा। यदि यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है तो उस यात्रा का किराया एनसीएमसी कार्ड के सामान्य खाते से काटा जाएगा। जैसे यदि किसी यात्री ने सराय काले खां से बेगमपुल तक का पास लिया है, लेकिन वह बीच के किसी स्टेशन पर उतरता है, तो उस यात्रा का किराया पास से नहीं बल्कि कार्ड के खाते से लिया जाएगा। इसी तरह गंतव्य से आगे जाने पर अतिरिक्त किराया देना होगा। इसके लिए कार्ड के खाते में पर्याप्त राशि होना जरूरी होगा।
40 यात्राओं तक का पास
यात्री अपनी जरूरत के अनुसार स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों श्रेणी के लिए ट्रिप पास ले सकते हैं। इसमें एक, दो, पांच, 10, 15, 20 और 40 यात्राओं के विकल्प हैं। एनसीएमसी कार्ड के खाते में अधिकतम 2,000 रुपये तक राशि रखी जा सकती है। ऐसे में लंबे मार्ग पर रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को बार-बार खाते में राशि डालने की जरूरत पड़ सकती है। ट्रिप पास के जरिए कई यात्राओं का भुगतान पहले से किया जा सकता है, जिससे रोजाना के सफर का खर्च भी पहले से तय किया जा सकेगा। ट्रिप पास नमो भारत स्टेशनों पर एएफसी गेट के पास स्थित काउंटर से खरीदा जा सकता है।
आगे की यात्राओं के लिए पास में टॉप-अप की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यात्री नमो भारत स्टेशनों पर लगी टिकट वेंडिंग मशीनों के माध्यम से भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा एनसीएमसी कार्ड से नमो भारत में यात्रा करने वाले यात्रियों को प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट मिलती है। कार्ड से खर्च किए गए प्रत्येक एक रुपये पर एक लॉयल्टी अंक भी मिलता है। 300 लॉयल्टी अंक जमा होने पर उन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए भुनाया जा सकता है।