{"_id":"6a93679458b0a372570042f6","slug":"no-relief-in-delhi-even-after-the-arrival-of-the-kanda-express-carrying-onions-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"35 का प्याज, दिल्ली में 70 का: कांदा एक्सप्रेस के 453.65 टन प्याज लेकर पहुंचने के बाद भी नहीं मिली राहत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
35 का प्याज, दिल्ली में 70 का: कांदा एक्सप्रेस के 453.65 टन प्याज लेकर पहुंचने के बाद भी नहीं मिली राहत
Sun, 30 Aug 2026 04:43 AM IST
Vijay Singh Pundir
सनी सिंह, अमर उजाला, नई दिल्ली
सनी सिंह, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Sun, 30 Aug 2026 04:43 AM IST
सार
सफल स्टोर पर प्याज 52 से 60 रुपये किलो और खुले बाजार में 60 से 70 रुपये किलो तक बिकता मिला। यानी सरकार की घोषित कीमत और उपभोक्ता की जेब से निकल रही कीमत के बीच 25 से 35 रुपये किलो तक का अंतर है।
विज्ञापन
कांदा एक्सप्रेस के प्याज लेकर पहुंचने के बाद भी नहीं मिली राहत
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र सरकार ने महंगे प्याज से राहत देने के लिए नासिक से कांदा एक्सप्रेस चलाकर 453.65 टन प्याज दिल्ली पहुंचाया। बफर स्टॉक के इस प्याज को 35 रुपये किलो की दर से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का दावा भी किया गया। लेकिन शनिवार को राजधानी के बाजारों में इस दावे की तस्वीर उलट नजर आई।
विज्ञापन
सफल स्टोर पर प्याज 52 से 60 रुपये किलो और खुले बाजार में 60 से 70 रुपये किलो तक बिकता मिला। यानी सरकार की घोषित कीमत और उपभोक्ता की जेब से निकल रही कीमत के बीच 25 से 35 रुपये किलो तक का अंतर है।
विज्ञापन
बाजार में 60-70 रुपये, दुकानदार बोले-सरकारी स्टॉक नहीं
सीमापुरी में प्याज बेच रहे हसमुद्दीन के मुताबिक, ग्राहक लगातार पूछ रहे हैं कि जब सरकार 35 रुपये किलो प्याज दे रही है तो बाजार में 60 रुपये क्यों। उनका कहना है कि उनके पास सरकारी स्टॉक नहीं आता। मंडी से जिस भाव पर प्याज मिलता है, उसी हिसाब से खुदरा कीमत तय करनी पड़ती है। लक्ष्मी नगर के दुकानदार अबरार ने कहा कि सरकारी सप्लाई बढ़ने का असर थोक बाजार में आने में समय लगेगा। खरीद कीमत कम होने पर ही खुदरा भाव नीचे आएगा।
विज्ञापन
453 टन प्याज दिल्ली पहुंचा, मोबाइल वैन से बिकेगा
कांदा एक्सप्रेस के जरिए सरकार उत्पादन क्षेत्र से बड़े उपभोग केंद्रों तक प्याज पहुंचाकर कीमतों पर दबाव कम करना चाहती है। पहली खेप दिल्ली पहुंच चुकी है। मोबाइल वैन के जरिये भी सस्ता प्याज बेचने की व्यवस्था की गई है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके इलाकों में उन्हें 35 रुपये किलो प्याज बेचने वाली मोबाइल वैन दिखाई ही नहीं दी।
सफल स्टोर पर भी नहीं मिला 35 वाला प्याज
उद्यान मार्ग स्थित सफल स्टोर पर प्याज 52 से 60 रुपये किलो मिला। पंचकुईया मार्ग स्थित सफल स्टोर पर भी भाव 60 रुपये किलो था। प्याज खरीदने पहुंचीं सुमन लता ने कहा कि 35 रुपये किलो प्याज मिलने की खबर से उम्मीद थी लेकिन सफल स्टोर पर भी 50 रुपये से ज्यादा कीमत मिलने से निराशा हुई। एक अन्य ग्राहक अनीता ने कहा कि 35 रुपये किलो की खबर सुनकर उम्मीद बनी थी। पर, बाजार और स्टोर दोनों जगह कीमत ज्यादा मिली। घोषणा और दुकान के रेट में इतना अंतर समझ में नहीं आ रहा है।
सरकारी व बाजार भाव में 35 रुपये का फासला
जगह प्याज का भाव
सरकार का घोषित बफर स्टॉक रेट 35 रुपये/किलो
सफल स्टोर 52-60 रुपये/किलो
खुला बाजार 60-70 रुपये/किलो