नोएडा में दिखेगी उत्तराखंड की पूरी झलक: 16वां महाकौथिग होगा खास, AI तकनीक संग मचेगी उत्तराखंडी संस्कृति की धूम
16वें महाकौथिग का आयोजन नोएडा स्टेडियम में 19 से 27 दिसंबर तक होगा। पूरे मेले को एआई तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। रविवार को नोएडा स्टेडियम में पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था की ओर से महाकौथिग की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
नोएडा सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में 19 से 27 दिसंबर तक नौ दिवसीय 16वें महाकौथिग-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस बार मेले में उत्तराखंड की पारंपरिक लोकसंस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा। पूरे मेले को एआई तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। वहीं, उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से 150 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकसंस्कृति के रंग बिखेरेंगे। इस बार मेले का मंच मां सुरकंडा देवी की थीम पर तैयार किया जाएगा। आयोजन से पहले 13 दिसंबर को विधिवत भूमि पूजन होगा।
रविवार को नोएडा स्टेडियम में पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था की ओर से महाकौथिग की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने की। इसमें मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान, संस्थापिका एवं लोकगायिका कल्पना चौहान समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में मेले की तैयारियों, मंच सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आयोजन की जिम्मेदारियां भी सदस्यों को सौंपी गईं।
मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि इस बार महाकौथिग को पहले से अधिक खास बनाने की तैयारी है। मेले में एआई तकनीक के माध्यम से डिजिटल प्रबंधन और आगंतुकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है। मंच को मां सुरकंडा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाकौथिग केवल मेला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोककला, रीति-रिवाज, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को एक मंच पर लाने का प्रयास है।
मेले में उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से 150 से अधिक लोक कलाकार हिस्सा लेंगे। नौ दिनों तक हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और लोकसंगीत की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी मेले का हिस्सा होंगे। आयोजन की स्मारिका और 12 पृष्ठों का विशेष आमंत्रण पत्र भी प्रकाशित किया जाएगा।
संस्था की अध्यक्ष इंदिरा चौधरी ने उत्तराखंड के प्रवासियों और संस्कृति प्रेमियों से आयोजन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि महाकौथिग का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। इसके माध्यम से दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड की संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
