दिल्ली में युवती पर एसिड अटैक: 24 साल की लड़की पर पूर्व प्रेमी ने डाला तेजाब, तीन साल से लिव-इन में रह रहे थे
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में मंगलवार सुबह 24 वर्षीय युवती पर तेजाब से हमला हुआ। उसका चेहरा और शरीर झुलस गया। पूर्व प्रेमी ने अनबन के बाद हमला किया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में मंगलवार सुबह ड्यूटी जाने के लिए निकली 24 साल की एक युवती पर तेजाब डालने का मामला सामने आया है। अचानक हुए हमले के बाद युवती दर्द से छटपटाने लगी। बाद में वह भागती हुई 80 साल के एक बुजुर्ग के पास पहुंची। बुजुर्ग का एक हाथ भी तेजाब से जल गया।
हमले में युवती का चेहरा और शरीर के बाकी हिस्से झुलस गए। किसी तरह युवती भागती हुई अपने कमरे पर पहुंची। मकान मालिक के बेटे ने पुलिस को खबर दी। युवती को पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि युवती पिछले करीब 3 साल से अपने दोस्त के साथ सहमति संबंध में रह रही थी। 3 माह पूर्व दोनों के बीच अनबन हुई तो उसने अलग रहना शुरू कर दिया। पूर्व प्रेमी ने युवती को मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी तो आरोपी ने तेजाब डाल दिया। अब पुलिस पूर्व प्रेमी की तलाश कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मूल रूप से यूपी की रहने वाली 24 साल की युवती किराए का मकान लेकर भजनपुरा इलाके में रहती है। वह गांधी नगर की एक कंपनी में नौकरी करती है। रोजाना सुबह छह बजे वह घर से निकल जाती है। मंगलवार सुबह जैसे ही वह घर से निकली, कुछ दूर जाने पर अचानक आरोपी ने हमला कर दिया।
अचानक आरोपी ने पीड़िता के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। शुरुआत में पीड़िता को कुछ समझ नहीं आया, तेज जलन से वह छटपटाने लगी। इस बीच वह भागकर एक अन्य राहगीर बुजुर्ग के पास पहुंची। उस समय तेजाब उसके शरीर से टपक रहा था। बुजुर्ग का हाथ भी युवती को देखने के चक्कर में झुलस गया। उसी हालत में युवती अपने घर पहुंची।
बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती का चेहरा और सामने की ओर से शरीर का एक बड़ा हिस्सा झुलसा है। उसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल की जा रही है।