{"_id":"620145790be7ca0e3138660a","slug":"unlock-delhi-people-life-back-on-track-market-buzzing-walking-from-school-to-bar-mall","type":"story","status":"publish","title_hn":"अनलॉक दिल्ली: पटरी पर लौटी लोगों की जिंदगी, बाजार गुलजार, स्कूल से लेकर बार-मॉल में चहलकदमी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अनलॉक दिल्ली: पटरी पर लौटी लोगों की जिंदगी, बाजार गुलजार, स्कूल से लेकर बार-मॉल में चहलकदमी
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: सुशील कुमार
Updated Mon, 07 Feb 2022 09:44 PM IST
विज्ञापन
सार
नाइट कर्फ्यू में दी गई ढील से रात को गुलजार रही दिल्ली में बेधड़क सड़कों पर लोग दिखाई पड़े। निजी वाहनों से निकले लोगों की वजह से जगह-जगह जाम की समस्या भी उत्पन्न हुई। अभी तक दिल्ली में स्थित दफ्तरों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ ही चलाने की छूट थी तो सोमवार से 100 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
सदर बाजार का एक दृश्य
- फोटो : शुभम बंसल
विज्ञापन
विस्तार
देश की राजधानी दिल्ली कुछ पाबंदियों के साथ अनलॉक हो गई है। कोरोना के घटते मामले को देखते हुए स्कूलों में चहलकदमी दिखी तो जिम में फिटनेस का मंत्र लेते युवा दिखे। साप्ताहिक कार्य दिवस के पहले दिन निजी व सरकारी दफ्तरों में भी रौनक रही। कनॉट प्लेस, जनपथ, सदर बाजार, चांदनी चौक समेत अन्य बाजार भी पूरे तरह रात तक गुलजार रहे। रात्री कर्फ्यू देर रात 11 बजे से शुरु होने की वजह से घर पहुंचने की जल्दबाजी नहीं रही और रेस्तरां, बार, होटल, मॉल में जाने वालों की तादाद रही। वहीं शादी-समारोह के लिए भी बैक्वेट हॉल की बुकिंग जोरों पर रही।
Trending Videos
बीते शुक्रवार को डीडीएमए की बैठक में स्कूलों से लेकर दफ्तरों, व्यापारिक केंद्र, बाजारों व अन्य व्यवसायिक गतिविधियों के साथ ही लोगों को भी कई तरह की छूट दी गई है। डीडीएमए का यह निर्णय सोमवार से लागू हो गया। लिहाजा कई बदलाव पिछले 40 दिनों के बाद देखने को मिला। कोरोना को मात देते हुए दिल्ली वालों की जिंदगी पटरी पर लौटती नजर आई। कक्षा 9 से 12वीं तक के स्कूल खुलने की वजह से सुबह से ही छात्र स्कूल की तरफ जाते दिखे तो लक्ष्मीनगर, मुखर्जी नगर, राजेंद्र नगर समेत अन्य कोचिंग संस्थानों में दाखिले व पूछताछ का दौर भी शुरू हो गया। पुस्तकों की दुकान पर भी भीड़ देखने को मिली। अब 14 फरवरी से नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक स्कूल खुलने का इंतजार बच्चों को है।
विज्ञापन
विज्ञापन
200 लोगों को समारोह में शामिल होने की अनुमति
नाइट कर्फ्यू में दी गई ढील से रात को गुलजार रही दिल्ली में बेधड़क सड़कों पर लोग दिखाई पड़े। निजी वाहनों से निकले लोगों की वजह से जगह-जगह जाम की समस्या भी उत्पन्न हुई। अभी तक दिल्ली में स्थित दफ्तरों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ ही चलाने की छूट थी तो सोमवार से 100 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति रही। वहीं शादी-समारोह के लिए पाबंदी हटने और 200 लोगों को समारोह में शामिल होने की अनुमति से समारोह स्थल की बुकिंग हुई।
स्पा सेंटर में रहीं महिलाओं की मौजूदगी
धार्मिक स्थलों को फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए नहीं खोला गया है। बावजूद मंदिर, गुरुद्वारे में लोग पहुंचे। कार में अकेले सफर करने वाले बिना मास्क के ड्राइविंग सीट पर नजर आए। स्पा व ब्यूटीपार्लर खुलने से महिलाओं की मौजूदगी भी स्पा सेंटर में रहीं। आम लोगों के साथ सबसे अधिक खुशी व्यापार जगत में रही। शादी-समारोह के लिए दी गई छूट से जूलरों की भी चांदी रही और दरिबां, कूचा महाजनी व करोलबाग के इलाके में गहमागमी रही।