AIIMS INI CET 2026: एम्स आईएनआई सीईटी जनवरी सत्र के ओपन राउंड का आवंटन जारी; यहां देखें पूरी लिस्ट
AIIMS INI CET 2026: एम्स ने आईएनआई सीईटी जनवरी 2026 ओपन राउंड सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट जारी किया। चयनित अभ्यर्थियों को 28 फरवरी सुबह 11 बजे तक दस्तावेज अपलोड कर संस्थान में रिपोर्ट करना होगा, अन्यथा सीट रद्द और 3 लाख रुपये जब्त हो सकते हैं।
विस्तार
AIIMS INI CET 2026: एम्स ने आईएनआई सीईटी जनवरी 2026 सत्र के ओपन राउंड सीट अलॉटमेंट का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
ओपन राउंड में सीट पाने वाले उम्मीदवारों को 28 फरवरी सुबह 11 बजे तक अपने अलॉटमेंट की पुष्टि करनी होगी, जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे और आवंटित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा।
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक दस्तावेज जमा न करने या रिपोर्ट न करने पर उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। ऐसी स्थिति में सीट खाली मानी जाएगी, जमा किए गए 3 लाख रुपये जब्त हो सकते हैं और सूचना पुस्तिका के अनुसार अन्य दंड भी लागू होगा।
अलॉटमेंट सूची में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को शामिल किया गया है जो ओपन राउंड के लिए पात्र थे। सीटों का आवंटन मूल मेरिट सूची, उम्मीदवार की श्रेणी और भरे गए विकल्पों के आधार पर किया गया है।
इन संस्थानों में मिलेगा प्रवेश
आईएनआई सीईटी 2026 परीक्षा के माध्यम से एमडी, एमएस, एमसीएच (6 वर्ष), डीएम (6 वर्ष) और एमडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। ये कोर्स एम्स नई दिल्ली सहित अन्य एम्स संस्थानों, जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेज, पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च तथा श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में उपलब्ध हैं।
यहां देखें आवंटन सूची...
जरूरी दस्तावेज
सीट कन्फर्म करने के लिए उम्मीदवारों को निम्न दस्तावेज अपलोड करने होंगे:
- ऑफर लेटर
- सीट अलॉटमेंट स्लिप
- फाइनल रजिस्ट्रेशन स्लिप
- एडमिट कार्ड
- एमबीबीएस/बीडीएस की मार्कशीट
- डिग्री प्रमाणपत्र
- इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाणपत्र
- एमसीआई से स्थायी या अस्थायी पंजीकरण प्रमाणपत्र
- हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी या जन्म प्रमाणपत्र
- लागू होने पर मूल जाति प्रमाणपत्र
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समयसीमा का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा सीट और जमा राशि दोनों का नुकसान उठाना पड़ सकता है।