AISSEE 2026 Answer Key: सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी हुई जारी, इस तारीख तक दर्ज कराएं आपत्ति
AISSEE Answer Key OUT: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। 18 जनवरी 2026 को आयोजित सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।
विस्तार
AISSEE 2026 Answer Key: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) 2026 की अनंतिम उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। यह परीक्षा 18 जनवरी 2026 को देशभर के 464 परीक्षा केंद्रों पर पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब अपनी उत्तर पुस्तिका का मिलान जारी की गई उत्तर कुंजी से कर सकते हैं और अपने संभावित अंकों का अनुमान लगा सकते हैं।
AISSEE 2026 की अनंतिम उत्तर कुंजी भी इसी वेबसाइट पर 14 फरवरी 2026 तक उपलब्ध है। उम्मीदवार अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड से लॉग इन कर उत्तर कुंजी देख सकते हैं। यदि किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, तो वे प्रति प्रश्न 200 रुपये का अप्रतिदेय शुल्क जमा कर ऑनलाइन चुनौती दे सकते हैं। सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी।
अच्छे से समझ लें आपत्ति से जुड़े नियम
- प्रोसेसिंग शुल्क प्राप्त हुए बिना किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
- उम्मीदवारों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों का सत्यापन विषय विशेषज्ञों के पैनल द्वारा किया जाएगा।
- यदि आपत्ति सही पाई जाती है, तो उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
- संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर ही परिणाम तैयार कर घोषित किया जाएगा।
- किसी भी उम्मीदवार को उसकी आपत्ति की स्वीकृति या अस्वीकृति की अलग से सूचना नहीं दी जाएगी।
- आपत्ति के बाद जारी की गई अंतिम उत्तर कुंजी ही मान्य होगी।
- परिणाम घोषित होने के बाद उत्तर कुंजी से संबंधित कोई भी शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।
ओएमआर ग्रेडिंग पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया
यदि उम्मीदवार ओएमआर ग्रेडिंग से संतुष्ट नहीं हैं, तो वे प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क देकर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से किया जाएगा। एनटीए आपत्तियों का सत्यापन अपने रिकॉर्ड से करेगा। यदि आपत्ति सही पाई जाती है, तो संबंधित डेटा को अपडेट कर दिया जाएगा।
कैसे दर्ज कराएं आपत्ति?
- सबसे पहले आप आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाएं।
- अब “AISSEE 2026 Answer Key/Challenge” लिंक पर क्लिक करें।
- अपना आवेदन नंबर और पासवर्ड दर्ज कर लॉग इन करें।
- जिस प्रश्न/उत्तर पर आपत्ति दर्ज करनी है, उसे चुनें।
- सही उत्तर का विकल्प चुनें और आवश्यक दस्तावेज/सपोर्टिंग प्रूफ (यदि मांगा गया हो) अपलोड करें।
- प्रति प्रश्न निर्धारित शुल्क का भुगतान डेबिट/क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग से करें।
- भुगतान सफल होने के बाद आवेदन सबमिट कर दें।
आपत्तियों पर विशेषज्ञों का जो भी फैसला होगा, वही अंतिम माना जाएगा। इसके बाद इस विषय में कोई और बात या अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी तरह की मदद चाहिए, तो वे एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-69227700 या 011-40759000 पर फोन कर सकते हैं। इसके अलावा, वे अपनी समस्या aissee@nta.ac.in पर ईमेल करके भी पूछ सकते हैं।