NEET Re-Exam: पुनर्परीक्षा से पहले शिक्षा मंत्री ने की व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
NEET UG: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 21 जून की परीक्षा सुरक्षित, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से कराने के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
NEET UG 2026: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से आयोजित किया जाए। अधिकारियों के अनुसार मंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने इस बात पर जोर दिया कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में जो भी कमियां सामने आई थीं, उन्हें पूरी तरह दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाने चाहिए।
केंद्रों पर निगरानी मजबूत करने का सख्त निर्देश
अधिकारियों ने बताया कि मंत्री ने राज्यों के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा केंद्रों पर निगरानी मजबूत की जा सके और सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
छात्रों के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराएं: प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सतर्कता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों के लिए परिवहन, पीने के पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा को अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रद्द कर दिया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने पुनर्परीक्षा कराने का फैसला लिया।
शिक्षा मंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि नीट यूजी पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए अगले वर्ष से मेडिकल प्रवेश परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित किया जाएगा।