Admission: डीयू एनसीवेब में BA-BCom दाखिले की पहली कटऑफ आज आएगी, IPU में योग थेरेपी की काउंसलिंग 30 जुलाई से
DU NCWEB 1st Cut-Off: डीयू एनसीवेब की बीए-बीकॉम सीटों के लिए आज पहली कटऑफ जारी होगी, जिसके तहत 28 जुलाई से दाखिले शुरू होंगे। वहीं, डीयू यूजी दाखिले के दूसरे राउंड का संशोधित शेड्यूल जारी हुआ है और आईपी यूनिवर्सिटी में योग थेरेपी की काउंसलिंग 30 जुलाई से होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
DU NCWEB 1st Cut-Off: शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नॉन कॉलिजिएट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में दाखिले के लिए बीए और बीकॉम प्रोग्राम की पहली कटऑफ आज जारी होगी। दोनों प्रोग्राम में 15,200 सीट हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार चार हजार अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट ने बताया कि इस बार 21,500 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पहली कटऑफ के दाखिला 28 जुलाई सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। छात्र 30 जुलाई रात 11:59 तक दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। कॉलेज को पहली कटऑफ के दाखिले से जुड़ी औपचारिकताएं 31 जुलाई शाम पांच बजे तक पूरी करनी है।
दाखिले के लिए कितनी कटऑफ आएंगी?
फीस जमा करने के लिए छात्रों को एक अगस्त शाम पांच बजे तक का समय दिया गया है। दाखिले के लिए पांच कटऑफ जारी की जाएगी। सीट बचने की स्थिति में स्पेशल कटऑफ जारी होगी। उसके बाद भी सीट खाली रह जाए तो स्पेशल ड्राइव चलाकर भरा जाएगा। दाखिला प्रक्रिया 13 सितंबर को खत्म होगी। ब्यूरो
यूजी दाखिले के दूसरे राउंड का कार्यक्रम भी संशोधित
दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) दाखिले के लिए सीएसएएस आवंटन के दूसरे राउंड का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की डीन शाखा के अनुसार, दूसरे राउंड में आवंटित सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई रात 11:59 बजे तक है।
संबंधित कॉलेज 28 जुलाई रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन और स्वीकृति देंगे, जबकि अभ्यर्थी 29 जुलाई रात 11:59 बजे तक दाखिला शुल्क जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार, यूजी की 71,624 सीटों के लिए शनिवार शाम तक दो राउंड में कुल 88,584 सीटों का आवंटन किया जा चुका है।
आईपीयू में योग थेरेपी में दाखिले का अवसर
गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ (आईपी) विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट योगा थेरेपी प्रोग्राम में दाखिले को लेकर पहली ऑफलाइन काउंसलिंग 30 जुलाई से शुरू होगी। काउंसलिंग का आयोजन द्वारका स्थित कैंपस में होगा। दस्तावेज के सत्यापन के बाद मेरिट के आधार पर दाखिले के लिए सीट आवंटित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने काउंसलिंग में शामिल होने के लिए कुलसचिव के नाम 96 हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट, फोटो, फॉर्म सहित जरूरी दस्तावेज लाने के निर्देश दिए हैं। आवंटित सीट पर हुआ दाखिला छह अगस्त तक निरस्त करवाया जा सकेगा। अधिकारी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्राप्त की जा सकती है।