JEE Main 2026 Result: जेईई मेन के नतीजे 20 अप्रैल को होंगे घोषित, एडवांस के लिए आवेदन 23 अप्रैल से शुरू
JEE Advanced 2026: जेईई मेन 2026 के नतीजे 20 अप्रैल को जारी होंगे। सफल उम्मीदवार 23 अप्रैल से जेईई एडवांस 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
JEE Main 2026 Result: जेईई मेन 2026 परीक्षा के नतीजे 20 अप्रैल को आने की संभावना है। जनवरी और अप्रैल की परीक्षा में से बेस्ट स्कोर के आधार पर फाइनल मेरिट जारी की जाएगी। इसके बाद जेईई एडवांस की परीक्षा के लिए 23 अप्रैल को आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जेईई मेन में से शीर्ष ढाई लाख सफल उम्मीदवार एडवांस 2026 की परीक्षा में शामिल होंगे। एडवांस परीक्षा का आयोजक संस्थान आईआईटी रुड़की 17 मई को परीक्षा आयोजित करेगा और एक जून को रिजल्ट जारी कराएगा। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जेईई मेन 2026 के अप्रैल सत्र की परीक्षा दो से आठ अप्रैल के बीच भारत समेत विदेश के 14 शहरों में हुई थी।
इसमें 11.23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए। जनवरी सत्र की परीक्षा में 11.06 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। अप्रैल सत्र की परीक्षा के सभी प्रश्न पत्र नौ अप्रैल को सार्वजनिक डोमेन में अपलोड हो जाएंगे। 11 अप्रैल को पेपर-एक की उत्तर कुंजी जारी होगी। उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क लगेगा।