JEE Main Exam: 92.1% छात्रों की उपस्थिति के साथ जेईई मेन सत्र-2 संपन्न, 11 को जारी होगी पेपर 1 की उत्तरकुंजी
JEE Main Exam 2026: जेईई मेन सत्र-2 परीक्षा 92.1% छात्रों की उपस्थिति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने बताया कि पेपर 1 की उत्तरकुंजी 11 अप्रैल को जारी की जाएगी।
विस्तार
JEE Main Exam: जेईई मेन के दूसरे सत्र की परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने को संपन्न कर दी। इस सत्र के लिए 11,65,452 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 10,73,255 उम्मीदवार उपस्थित रहे, जिससे उपस्थिति दर 92.1% रही।
भारत और विदेश में JEE Main 2026 सत्र 2 परीक्षा संपन्न
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मुख्य) 2026 के सत्र 2 का आयोजन 2, 4, 5, 6, 7 और 8 अप्रैल को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में सफलतापूर्वक किया। परीक्षा भारत के 304 शहरों और विदेश के 14 शहरों में लगभग 566 केंद्रों पर आयोजित की गई।
उम्मीदवारों की भागीदारी और उपस्थिति
इस सत्र में लगभग 11.23 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया। पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) के लिए लगभग 11.06 लाख उम्मीदवारों ने घरेलू स्तर पर और 4,229 उम्मीदवारों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण कराया। परीक्षा में लगभग 93% उम्मीदवार उपस्थित रहे और लगभग 97% उम्मीदवारों का आधार सत्यापन सफलतापूर्वक किया गया।
उम्मीदवार अब पेपर 1 की उत्तरकुंजी की प्रतीक्षा कर सकते हैं, जिसे NTA जल्द ही जारी करेगा। इससे उन्हें अपने प्रदर्शन का पूर्वानुमान लगाने और आगे की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
पेपर 2 में कम उपस्थिति दर्ज
पेपर-2 (बी.आर्क./बी.प्लानिंग) के लिए लगभग 54,953 उम्मीदवारों ने देश में और 270 उम्मीदवारों ने विदेश से पंजीकरण कराया। इस परीक्षा में करीब 73% उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि लगभग 97% उम्मीदवारों का आधार सत्यापन सफल रहा।
सत्र 2 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक चली थी। उम्मीदवारों की मांग पर आवेदन विंडो को 12 और 13 मार्च को दोबारा खोला गया। वहीं, एडमिट कार्ड 29 मार्च और 1 अप्रैल 2026 को चरणबद्ध तरीके से जारी किए गए।
11 अप्रैल को जारी होगी अनंतिम उत्तर कुंजी
पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) की अनंतिम उत्तर कुंजी उम्मीदवारों की दर्ज प्रतिक्रियाओं के साथ 11 अप्रैल 2026 तक जारी होने की संभावना है। इससे छात्र अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे और संभावित स्कोर का अंदाजा लगा पाएंगे।
जरूरत पड़ने पर उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन माध्यम से उत्तर कुंजी को चुनौती देने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए प्रति प्रश्न 200 रुपये का अप्रतिदेय शुल्क देना होगा, जो तय प्रक्रिया के अनुसार लागू रहेगा।