NEET UG: कड़ी सुरक्षा के बीच देशभर के 5,468 केंद्रों पर संपन्न हुई परीक्षा; किसी बड़ी गड़बड़ी की खबर नहीं
NEET UG 2025: नीट यूजी परीक्षा रविवार (4 मई) को देशभर के 5,468 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच आयोजित की गई। किसी भी बड़े गड़बड़ी की खबर सामने नहीं आई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
NEET-UG 2025 Attendance: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2025 रविवार (4 मई) को पूरे देश में 5,400 से अधिक केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और तीन-स्तरीय निगरानी के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस परीक्षा में 22.7 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने रविवार को बताया कि भारत के 548 शहरों और 14 अंतरराष्ट्रीय केंद्रों में आयोजित नीट यूजी 2025 परीक्षा में 20.8 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए।
सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रव्यापी परीक्षा बिना किसी बड़ी समस्या या कदाचार की रिपोर्ट के सुचारू रूप से आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि केवल देरी से आने और ड्रेस कोड को लेकर कुछ भ्रम जैसी मामूली समस्याएं सामने आईं। सूत्र ने पुष्टि की, "अभी तक किसी भी उल्लंघन या अनुचित साधनों के उपयोग की सूचना नहीं मिली है।"
परीक्षा से पहले हुई मॉक ड्रिल और सख्ती से सुरक्षा इंतजाम
नीट परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इसका उद्देश्य मोबाइल जैमर की कार्यक्षमता, बॉडी फ्रिस्किंग के लिए पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन जैसे सुरक्षा प्रबंधों की जांच करना था। केंद्रों पर पुलिस एस्कॉर्ट के साथ प्रश्नपत्रों की ढुलाई, कोचिंग सेंटरों की निगरानी, और तीन परतों वाली सुरक्षा जांच ने इस बार की परीक्षा को खास बना दिया।
कर्नाटक में ब्राह्मण समुदाय का विरोध, राजस्थान में तीन गिरफ्तार
हालांकि परीक्षा शांतिपूर्ण रही, लेकिन कर्नाटक के कलबुर्गी में एक परीक्षा केंद्र के बाहर ब्राह्मण समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि कुछ छात्रों से ‘जनेऊ’ हटाने के लिए कहा गया, जिसे वे धार्मिक अपमान मानते हैं। इसी बीच राजस्थान में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर एक परीक्षार्थी से 40 लाख रुपये में पेपर दिलाने का झांसा दे रहे थे। भुवनेश्वर में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा जो मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे थे।
पेपर लीक की अफवाहों पर NTA की कड़ी कार्रवाई
नीट परीक्षा की पारदर्शिता पर पिछले वर्षों में उठे सवालों के बाद एनटीए ने सख्त कदम उठाए हैं। इस बार 106 टेलीग्राम और 16 इंस्टाग्राम चैनलों की पहचान की गई, जो झूठी सूचनाएं फैला रहे थे। एनटीए ने इन प्लेटफॉर्म्स से अनुरोध किया कि वे इन चैनलों को तत्काल हटा दें ताकि छात्रों में बिना वजह का डर न फैले।
पारदर्शिता के लिए केंद्र सरकार का सख्त रुख
पिछले साल नीट यूजी और यूजीसी नेट जैसी परीक्षाओं में अनियमितताओं की खबरों के बाद केंद्र सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है जो परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। सीबीआई भी इन मामलों की जांच कर रही है, जिससे छात्रों को न्याय मिलने की उम्मीद बनी हुई है।
कमेंट
कमेंट X