NTA CUET UG Exam: 3,765 अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा होगी आयोजित, तकनीकी खराबी के बाद एनटीए का फैसला
CUET UG 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सीयूईटी यूजी परीक्षा के दौरान तकनीकी खराबी से प्रभावित 3,765 उम्मीदवारों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। यह फैसला TCS परीक्षा केंद्रों पर आई तकनीकी समस्याओं के बाद लिया गया है, ताकि प्रभावित अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CUET Exam: एजेंसी ने 3,765 उम्मीदवारों के लिए विशेष पुनर्परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। ये वे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने 30 मई को आयोजित CUET UG 2026 की पहली शिफ्ट की परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा केंद्र छोड़ दिया था। एजेंसी का कहना है कि प्रभावित छात्रों को निष्पक्ष अवसर प्रदान करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
शनिवार को जारी बयान में NTA ने बताया कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। इस वजह से कई उम्मीदवारों को असुविधा और तनाव का सामना करना पड़ा। स्थिति को ध्यान में रखते हुए एजेंसी ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा कराने का फैसला किया है।
95% उम्मीदवारों ने पूरी की परीक्षा
एजेंसी के अनुसार, कुल 73,106 उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे थे और उनका बायोमेट्रिक पंजीकरण भी पूरा हो गया था। इनमें से 69,341 उम्मीदवारों यानी करीब 95 प्रतिशत ने परीक्षा सफलतापूर्वक दी। हालांकि, परीक्षा शुरू होने में देरी के कारण 3,765 उम्मीदवार इंतजार नहीं कर सके और परीक्षा दिए बिना ही केंद्रों से चले गए।
3,765 उम्मीदवारों को मिलेगा दूसरा मौका
NTA ने एक विशेष व्यवस्था के तहत उन 3,765 उम्मीदवारों के लिए पुनर्परीक्षा कराने का फैसला किया है, जो परीक्षा केंद्र पर उपस्थित थे और जिनका बायोमेट्रिक पंजीकरण हो चुका था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा नहीं दे सके। पुनर्परीक्षा की तिथि और अन्य जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
समस्या आने पर यहां करें संपर्क
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी नई जानकारी और अपडेट के लिए नियमित रूप से NTA की आधिकारिक वेबसाइट और CUET UG पोर्टल देखते रहें। यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी हो या उसमें दी गई जानकारी में कोई गलती दिखाई दे, तो वे NTA हेल्प डेस्क के फोन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल के माध्यम से cuet-ug@nta.ac.in पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं।