SBI Summer Internship 2026: एसबीआई समर इंटर्नशिप के लिए आवेदन शुरू, बैंक का वर्क कल्चर करीब से समझने का मौका
SBI Summer Internship 2026: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया छात्रों के लिए समर इंटर्नशिप का अवसर दे रहा है। इंटर्नशिप के लिए आवेदन सीधे बैंक या संस्थान के माध्यम से किया जा सकता है। चयन इंटरव्यू और जरूरत पड़ने पर ग्रुप डिस्कशन से होगा। इंटर्नशिप पूरी करने पर स्टाइपेंड मिलेगा, लेकिन नौकरी का कोई ऑफर नहीं दिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
SBI Summer Internship 2026: अगर आप बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की समर इंटर्नशिप आपके लिए अच्छा मौका हो सकती है। इस इंटर्नशिप के जरिए छात्रों को बैंक के कामकाज को करीब से समझने और बैंकिंग व फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर का व्यावहारिक अनुभव लेने का अवसर मिलता है।
हालांकि, एसबीआई हर साल पूरे देश के लिए एक ही पोर्टल पर समर इंटर्नशिप की भर्ती नहीं निकालता। बैंक अलग-अलग सर्किल, लर्निंग सेंटर, बिजनेस यूनिट और कॉलेजों के साथ साझेदारी के जरिए इंटर्नशिप के अवसर देता है। इसलिए आवेदन और चयन की प्रक्रिया क्षेत्र और संस्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन?
एसबीआई की इस इंटर्नशिप के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जो यूजीसी या एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान में किसी फुल-टाइम कोर्स की पढ़ाई कर रहे हैं और जिनके कोर्स में किसी बाहरी संस्थान में इंटर्नशिप करना जरूरी है।
एसबीआई समर इंटर्नशिप में चयन कैसे होगा?
छात्रों का चयन दो तरीकों से हो सकता है। पहला, बैंक सीधे कॉलेज कैंपस से छात्रों का चयन कर सकता है। दूसरा, छात्र खुद भी एसबीआई से संपर्क कर इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, किसी भी आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार करने का अंतिम अधिकार बैंक के पास रहेगा।
छात्रों का चयन दो तरीकों से हो सकता है-
- कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से
- सीधे एसबीआई में आवेदन करके
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
इंटर्नशिप के लिए आवेदन करते समय छात्रों को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें शामिल हैं-
- इंटर्नशिप आवेदन पत्र
- अपडेटेड रिज्यूमे
- संस्थान की ओर से जारी इंटर्नशिप की आवश्यकता वाला पत्र
- केवाईसी से जुड़े दस्तावेज
कैसे होगा चयन?
इंटर्नशिप के लिए उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ग्रुप डिस्कशन (GD) भी कराया जा सकता है।
सर्किल स्तर पर चयन की जिम्मेदारी लर्निंग एंड डेवलपमेंट (L&D) विभाग की होती है। वहीं कॉर्पोरेट सेंटर और उससे जुड़े विभागों में आवेदन की प्रक्रिया एचआर या एडमिन विभाग संभालता है।
आवेदन कैसे करें?
- जो छात्र एसबीआई में इंटर्नशिप करना चाहते हैं, वे अपने क्षेत्र के लोकल हेड ऑफिस (LHO) में मौजूद L&D विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
- अगर आवेदन किसी दूसरी शाखा या कार्यालय में जमा किया जाता है, तो उसे आगे L&D विभाग को भेजा जाएगा।
- कॉर्पोरेट सेंटर या उससे जुड़े विभागों में मिलने वाले आवेदन संबंधित एचआर या एडमिन विभाग द्वारा देखे जाते हैं।
क्या इंटर्नशिप के बाद नौकरी मिलेगी?
एसबीआई ने साफ किया है कि इंटर्नशिप पूरी होने के बाद नौकरी की कोई गारंटी नहीं होगी। इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को बैंक की नियमित भर्ती में किसी तरह की अतिरिक्त छूट या वेटेज भी नहीं दिया जाएगा।
स्टाइपेंड मिलेगा या नहीं?
बैंक केवल उन्हीं इंटर्न्स को स्टाइपेंड देगा, जिनका चयन स्टाइपेंड श्रेणी के तहत किया गया होगा। स्टाइपेंड इंटर्नशिप पूरी होने और प्रोजेक्ट रिपोर्ट जमा करने के बाद दिया जाएगा। इंटर्नशिप के दौरान रहने, आने-जाने और अन्य खर्च छात्रों को खुद उठाने होंगे। इन खर्चों का भुगतान एसबीआई नहीं करेगा।