UP Board: यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की समय सारिणी बदली, 24 अगस्त से शुरू होगी प्रक्रिया
UP Board Exam 2027: यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की 2027 परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र चुनने की प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। स्कूलों से लेकर छात्रों और अभिभावकों तक के लिए कई अहम तारीखें तय की गई हैं। अंतिम केंद्र सूची 29 अक्तूबर को जारी होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Board Exam 2027: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन परीक्षा केंद्र चयन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा केंद्रों के चयन की ऑनलाइन प्रक्रिया 24 अगस्त से 29 अक्तूबर 2026 तक चलेगी।
बोर्ड के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य 2027 की बोर्ड परीक्षा की शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखना है। इसके लिए स्कूलों से जुड़ी सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी और उसका सत्यापन भी कराया जाएगा।
स्कूलों को 24 अगस्त तक क्या करना होगा?
स्कूलों के प्रधानाचार्यों को अपने स्कूल में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और ढांचे से जुड़ी जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड करनी होगी।
इसकी अंतिम तारीख 24 अगस्त 2026 तय की गई है। इसके बाद अपलोड की गई जानकारी और दस्तावेजों की भौतिक जांच की प्रक्रिया शुरू होगी।
स्कूलों की जानकारी का सत्यापन कब तक होगा?
जिलाधिकारियों की ओर से गठित तहसील स्तर की समितियां स्कूलों द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों और जानकारी का भौतिक सत्यापन करेंगी। इस सत्यापन को पूरा करने की अंतिम तारीख 3 सितंबर 2026 है।
इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वे तहसील स्तरीय समितियों की टिप्पणियों सहित सत्यापन रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करें। रिपोर्ट अपलोड करने की अंतिम तारीख 12 सितंबर 2026 है।
पहली बार परीक्षा केंद्रों की सूची कब सामने आएगी?
परीक्षा केंद्रों के चयन के बाद अनंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसमें छात्रों का परीक्षा केंद्रों के साथ आवंटन भी शामिल होगा। यह सूची 21 सितंबर 2026 को जिला केंद्र निर्धारण समितियों के सामने सार्वजनिक समीक्षा के लिए रखी जाएगी।
इसके बाद परीक्षा केंद्र बनने के लिए अयोग्य स्कूलों या ऐसे स्कूलों की सूची भी सामने आएगी, जिनके संबंध में मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई चल रही है। यह सूची 23 सितंबर 2026 को बोर्ड की वेबसाइट और जिला विद्यालय निरीक्षक के पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी।
छात्र और अभिभावक परीक्षा केंद्र पर आपत्ति कैसे दर्ज कर सकेंगे?
जिला विद्यालय निरीक्षक 28 सितंबर 2026 को परीक्षा केंद्रों की सूची समाचार पत्रों में प्रकाशित करेंगे। इसके बाद छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधक परीक्षा केंद्रों की सूची को लेकर आपत्ति दर्ज कर सकेंगे। आपत्ति बोर्ड के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भेजी जा सकेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षकों को प्राप्त आपत्तियों की जांच करनी होगी। उचित पाए जाने वाली आपत्तियों को जिला केंद्र निर्धारण समिति की सिफारिश के साथ परिषद को भेजना होगा। यह प्रक्रिया 8 अक्तूबर 2026 तक पूरी करनी होगी।
| प्रक्रिया | तारीख |
|---|---|
| स्कूलों द्वारा सुविधाओं की जानकारी अपलोड करने की अंतिम तारीख | 24 अगस्त 2026 |
| तहसील स्तर पर भौतिक सत्यापन की अंतिम तारीख | 3 सितंबर 2026 |
| जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सत्यापन रिपोर्ट अपलोड करने की अंतिम तारीख | 12 सितंबर 2026 |
| अनंतिम केंद्र सूची की सार्वजनिक समीक्षा | 21 सितंबर 2026 |
| अयोग्य/मान्यता संबंधी स्कूलों की सूची | 23 सितंबर 2026 |
| समाचार पत्रों में केंद्र सूची का प्रकाशन | 28 सितंबर 2026 |
| आपत्तियों की जांच और परिषद को भेजने की अंतिम तारीख | 8 अक्तूबर 2026 |
| स्वीकृत केंद्र सूची और छात्र आवंटन जारी | 17 अक्तूबर 2026 |
| निर्धारित क्षमता से अधिक केंद्र आवंटन पर आपत्ति की अंतिम तारीख | 22 अक्तूबर 2026 |
| अंतिम परीक्षा केंद्र सूची और छात्र आवंटन | 29 अक्तूबर 2026 |
परीक्षा केंद्रों की स्वीकृत सूची कब जारी होगी?
आपत्तियों पर विचार के बाद परीक्षा केंद्रों और छात्रों के आवंटन की स्वीकृत सूची तैयार की जाएगी। यह सूची 17 अक्तूबर 2026 को सार्वजनिक जानकारी के लिए ऑनलाइन अपलोड की जाएगी।
हालांकि, यदि किसी छात्र को निर्धारित क्षमता से अधिक वाले परीक्षा केंद्र में आवंटित किया गया है, तो उससे जुड़ी आपत्ति के लिए अलग मौका दिया जाएगा। ऐसी आपत्तियां बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन 22 अक्टूबर 2026 तक दर्ज की जा सकेंगी।
फाइनल सेंटर लिस्ट कब आएगी?
सभी चरण पूरे होने के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद 29 अक्तूबर 2026 को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करेगा। इस अंतिम सूची में छात्रों के परीक्षा केंद्र आवंटन की जानकारी भी शामिल होगी।
कमेंट
कमेंट X