‘सच्ची लगी कहानी’, ‘कपूर एंड संस’ के 10 साल पूरे; सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बताया स्क्रिप्ट पढ़कर कैसा था रिएक्शन
10 Years Of Kapoor & Sons: सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी फिल्म ‘कपूर एंड संस’ के 10 साल पूरे होने पर इसको लेकर बात की। एक्टर ने बताया कि स्क्रिप्ट पढ़कर कैसा था उनका रिएक्शन…
विस्तार
सिद्धार्थ मल्होत्रा, आलिया भट्ट और पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान स्टारर ‘कपूर एंड संस’ की रिलीज को आज 10 साल पूरे हो गए हैं। 2016 में रिलीज हुई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। अब फिल्म के 10 साल पूरे होने पर अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इसको लेकर बात की। उन्होंने बताया कि स्क्रिप्ट पढ़ते वक्त उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। साथ ही उन्होंने फिल्म में अपने किरदार को लेकर भी बात की।
स्क्रिप्ट पढ़कर भावुक हो गए थे सिद्धार्थ
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ‘कपूर एंड संस’ को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि ने कहा कि जब मैंने पहली बार स्क्रिप्ट पढ़ी, तो मुझे याद है कि उसे पढ़ते हुए मेरी आंखों में आंसू आ गए थे। यह इतनी सच्ची लगी, मानो मैं एक जोशीले लेकिन अव्यवस्थित पंजाबी परिवार में कदम रख रहा हूं, जहां हर किरदार की अपनी एक कहानी है।
खास था अर्जुन का किरदार
फिल्म में अपने किरदार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अर्जुन का किरदार निभाना खास था। वह बहुआयामी, संवेदनशील और अपने अंदर बहुत कुछ समेटे हुए था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कैसे उनका इस किरदार और कहानी के साथ एक व्यक्तिगत जुड़ाव विकसित हुआ।
सिद्धार्थ ने कहा कि 10 साल बाद भी लोग फिल्म और पारिवारिक संबंधों के बारे में बात करते हैं। ऐसा लगता है जैसे उन्होंने खुद इन किरदारों के साथ जीवन बिताया हो। इस तरह का प्यार दुर्लभ है और मैं आभारी हूं कि हमें उस कहानी को पर्दे पर उतारने का मौका मिला।
शकुन बत्रा ने किया है निर्देशन
शकुन बत्रा द्वारा निर्देशित ‘कपूर एंड संस’ पारिवारिक रिश्तों और पीढ़ियों के बीच के संबंधों के बारे में बात करती है। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के अलावा ऋषि कपूर, फवाद खान, आलिया भट्ट, रत्ना पाठक शाह और रजत कपूर सरीखे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः अपना ही गाना डिलीट होने पर नोरा ने कहा थैंक्स? बोलीं- ‘पता था चरित्र पर सवाल उठेंगे’; बताया किसे खोने का है गम
वर्कफ्रंट की बात करें तो सिद्धार्थ मल्होत्रा को आखिरी बार जाह्नवी कपूर के साथ पिछले साल आई फिल्म ‘परम सुंदरी’ में देखा गया था। अब वो तमन्ना भाटिया के साथ ‘वीवीएएन’ नाम की एक फिल्म पर काम कर रहे हैं।
कमेंट
कमेंट X