रिश्तेदार बनकर सुनील लहरी के घर पहुंचा फैन, एक्टर ने शेयर किया रामायण के दिनों का दिलचस्प किस्सा
Sunil Lahri: टेलीविजन एक्टर सुनील लहरी, जिन्हें आइकॉनिक टीवी सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण के रोल के लिए जाना जाता है, उन्होंने हाल ही में एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर सब चौंक गए।
विस्तार
सुनील लहरी को टीवी सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने की वजह से काफी तारीफे मिली। वे इस किरदार के लिए जाने जाते हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर सब हैरान रह गए।
रिश्तेदार बनकर घर पहुंचा फैन
सुनील लहरी ने बताया कि कैसे एक फैन उनसे मिलने के लिए उनका रिश्तेदार बनकर पहुंच गया। साथ ही उन्होंने ‘रामायण’ के शूटिंग दिनों का एक पुराना किस्सा भी याद किया। सोमवार को सुनील लहरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने इस अजीब लेकिन मजेदार घटना के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, ‘जय श्री राम। मैं आप सभी के साथ एक बहुत ही दिलचस्प कहानी शेयर करना चाहता हूं, जिसने मुझे रामायण के शूटिंग के दिनों की याद दिला दी। हाल ही में एक शख्स हमारे बिल्डिंग में मुझसे मिलने आया और खुद को मेरा रिश्तेदार बताने लगा। लेकिन जब सिक्योरिटी ने चेक किया तो पता चला कि वह झूठ बोल रहा है, जिसके बाद उसे वहां से भेज दिया गया।’
रामायण के दिनों का किस्सा किया याद
उन्होंने बताया कि इस घटना ने उन्हें ‘रामायण’ के समय की एक और घटना याद दिला दी। उस पल को याद करते हुए उन्होंने कहा, ‘एक दिन हम धूप में लंबे समय तक शूटिंग कर रहे थे, उसके बाद मुझे 2-3 दिन का ब्रेक मिला था। उस समय मेरी दाढ़ी नहीं थी और मैंने बालों में तेल लगाया हुआ था।
मैं स्टूडियो के मेन गेट के पास टहल रहा था, तभी एक सज्जन आए और बोले, ‘हेलो, मैं सुनील लहरी से मिलना चाहता हूं।’ मैंने उनसे पूछा कि आप कौन हैं, तो उन्होंने कहा, ‘मैं उनका भाई हूं, भोपाल से आया हूं।’ ये काफी हैरान करने वाला था। वो मुझसे मिलने आए थे, लेकिन मुझे पहचान नहीं पाए और खुद को मेरा भाई बताने लगे।’
इस अजीब लेकिन मजेदार अनुभव को याद करते हुए सुनील लहरी ने आखिरी में एक दिल छू लेने वाली बात भी कही। उन्होंने कहा, ‘कहते हैं जब समय सही होता है तो अजनबी भी रिश्तेदार बन जाते हैं। वाह री दुनिया, कमाल है। अपना ख्याल रखिए, खुश रहिए, स्वस्थ रहिए। जय श्री राम।’
बता दें कि सुनील लहरी ने पॉपुलर टीवी सीरियल 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाया था, जिसके लिए उन्हें काफी सराहना मिली। इस सीरियल में उनके साथ अरुण गोविल भी थे, जिन्होंने राम का किरदार निभाया था, वहीं दीपिका चिखलिया ने सीता का रोल अदा किया था। इस सीरियल को दर्शकों से काफी प्यार मिला।