ताउते चक्रवात: सलमान के बाद अब अजय देवगन की इस फिल्म का उड़ा सेट, हुआ भारी नुकसान
सलमान खान के बाद अब ताउते चक्रवात के कारण अजय देवगन को भी भारी नुकसान हुआ है। दरअसल, इस तूफान के कारण अजय देवगन की आगामी फिल्म 'मैदान' का सेट उड़ गया है। तमाम कोशिशों के बावजूद भी सेट नहीं बच पाया जिसके चलते मेकर्स को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
विस्तार
'ताउते' चक्रवात ने गुजरात और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा भारी तबाही मचाई है। मनोरंजन जगत पर भी 'ताउते' का कहर जोरों से बरपा है। मुंबई और इसके आस-पास बने फिल्मों के सेट इस तूफान के कारण तहस-नहस हो गए। हाल ही में सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' का सेट 'ताउते' के कारण उड़ गया था। इससे पहले 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' का सेट भी तबाही के मंजर से बच नहीं पाया था। कुछ ऐसा ही अजय देवगन की आने वाली फिल्म 'मैदान' के सेट का भी हुआ है। अजय देवगन की आने वाली फिल्म 'मैदान' का सेट भी ताउते चक्रवात से नष्ट हो चुका है।
फिल्ममेकर्स ने सेट को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन सभी नाकाम रहीं। हालांकि ताउते के कारण सेट पर किसी को चोट नहीं पहुंची लेकिन सेट पूरी तरह से तहस-नहस हो जाने से भारी नुकसान जरूर हुआ है। अब सेट के ध्वस्त हो जाने के कारण फिल्म की शूटिंग पर ब्रेक लग सकता है।
जानकारी के अनुसार, जिस समय तूफान ने तबाही मचाई उस समय सेट पर लगभग 40 लोग मौजूद थे। सभी ने मिलकर सेट को बचाने की कोशिश की लेकिन 16 एकड़ में फैले इस सेट को बचा नहीं सके। ऐसा दूसरी बार हो रहा है जब 16 एकड़ में फैले ‘मैदान’ के सेट पर परेशानी आई है। साल 2020 में कोरोनावायरस के कारण लॉकडाउन और फिर बारिश में सेट बर्बाद हो गया था। बता दें कि 'मैदान' फुटबॉल के गेम पर आधारित है, जिसमें अजय देवगन फुटबॉल कोच की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन के अलावा प्रियमणि, गजराज राव और रुद्रानिल घोष भी नजर आएंगे।
गौरतलब है कि ताउते चक्रवात के कारण आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन को काफी नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद तूफान की मार सलमान खान की फिल्म टाइगर 3 के सेट पर भी पड़ी है। हालांकि, आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी का सेट बाल-बाल बच गया है क्योंकि संजय लीला भंसालीने पिछले साल मानसून से पहले अपने सेट को कवर कर लिया था।