कंगना से लेकर शेखर कपूर तक ने निर्देशक लक्ष्मीप्रिया को दी बधाई, ‘बूंग’ के बाफ्टा जीतने पर खुश हुए सेलेब्स
Manipuri Film Boong Win Bafta Awards 2026: रविवार रात ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स यानी बाफ्टा में मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ छा गई। इस भारतीय फिल्म ने चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड जीता। इस उपलब्धि पर कई बॉलीवुड सेलेब्स ने खुशी जाहिर की है। फिल्म की निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी को बधाई दी है।
विस्तार
रविवार रात मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने बाफ्टा अवॉर्ड अपने नाम किया। ‘बूंग’ बाफ्टा जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी है। यह भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। 79वें बाफ्टा अवॉर्ड में फिल्म ‘बूंग’ ने चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड अपने नाम किया। फिल्म की डायरेक्टर लक्ष्मीप्रिया देवी हैं। लक्ष्मीप्रिया को बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक के कलाकार बधाई दे रहे हैं। बधाई देने वालों में करण जौहर, कंगना रनौत, शेखर कपूर, दीया मिर्जा जैसे कई सेलेब्स शामिल हैं।
कंगना रनौत ने ‘बूंग’ की निर्देशक संग पहले किया है काम
फिल्म ‘बूंग’ बतौर डायरेक्टर लक्ष्मीप्रिया की पहली फिल्म है। लेकिन वह बॉलीवुड में भी काम कर चुकी हैं। कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लक्ष्मीप्रिया को बधाई देते हुए उन्हें खूब सराहा है। कंगना रनौत ने 2011 की फिल्म ‘गेम’ में लक्ष्मीप्रिया के साथ काम किया था, तब वह एक असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। कंगना अपनी पोस्ट में लिखती हैं, ‘इस अवॉर्ड के लिए लक्ष्मीप्रिया देवी और 'बूंग' की पूरी टीम को बधाई। आपने अवॉर्ड के मंच बहुत अच्छा बोला। आप बहुत अच्छी लग रही थीं।’
कंगना रनौत अपनी पोस्ट में आगे लिखती हैं, ‘लक्ष्मीप्रिया मेरी पहली असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। सेट पर कहा जाता था कि वह कुछ बड़ा करने के लिए बनी हैं। आपका समय आ गया है मेरी दोस्त। आपको अंदाजा नहीं है कि आपने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री, भारत और नॉर्थ ईस्ट को कितना सम्मान दिलाया है। आपको बधाई, ऐसी ही चमकती रहो।’
फिल्म ‘बूंग’ को फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म ने कई विदेशी फिल्मों जैसे ‘आर्को’, ‘लिलो एंड स्टिच’ और ‘जूट्रोपोलिस 2’ को पीछे छाेड़ते हुए बाफ्टा अवॉर्ड अपने नाम किया। फरहान अख्तर ने भी फिल्म की निर्देशक को बधाई देते हुए पोस्ट किया। वह लिखते हैं, ‘लक्ष्मीप्रिया देवी को बाफ्टा जीतने के लिए बहुत-बहुत बधाई।’
इन सेलेब्स ने भी बधाई संदेश भेजें
कंगना रनौत, फरहान अख्तर के अलावा शेखर कपूर, दीया मिर्जा और जोया अख्तर और एक्टर सिद्धार्थ ने भी ‘बूंग’ फिल्म की निर्देशक को ढेर सारी बधाई दी हैं। शेखर कपूर ने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, ‘मुझे लगा कि 'बूंग' उन फिल्मों से बेहतर थी जिन्होंने मेन अवॉर्ड जीते थे। बस बात यह है कि यह इंडियन कल्चर और पॉलिटिक्स से इतनी जुड़ी हुई है कि वेस्टर्न लोग इसे समझ नहीं पाए। इसलिए यह जरूरी है कि हमारे फिल्म अवॉर्ड्स को इंटरनेशनल लेवल पर और ज्यादा जरूरी बनाया जाए।’
दीया मिर्जा ने सोशल मीडिया पर ‘बूंग’ डायरेक्टर लक्ष्मी प्रिया की बाफ्टा स्पीच को साझा किया और लिखा, ‘बधाई हो। आपके और आपकी टीम के लिए बहुत खुश हूं। फिल्म ‘बूंग’ पर बहुत गर्व है।’ दीया मिर्जा के अलावा अदिति राव हैदरी, उनके पति और एक्टर सिद्धार्थ ने भी फिल्म ‘बूंग’ की डायरेक्टर को बधाई संदेश भेजा है। जोया अख्तर ने भी एक इंस्टाग्राम स्टोरी ‘बूंग’ के मेकर्स को लेकर साझा की है।