बड़ें सालों बाद जाकर यश जौहर का सपना आखिरकार बड़े परदे पर पूरा होने जा रहा है। इस सपने को उनके बेटे करण जौहर कलंक से पूरा करने जा रहे हैं। इसी के चलते फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया है। वैसे ट्रेलर लॉन्च का वक्त 11 बजे रखा गया था, लेकिन किन्ही कारणों के चलते इसे दो बजे करना पड़ा। इससे पहले फिल्म का टाइटल ट्रेक भी निर्धारित दिन के पूरे 24 घंटे बाद रिलीज किया गया था।
करण जौहर की गैरमौजूदगी में लांच हुआ 'कलंक' का ट्रेलर, स्टारकास्ट ने खोले सीक्रेट
ट्रेलर लॉन्च पर फिल्म से जुड़े सितारे पूरी मस्ती के मूड में नजर आ रहे थे। वहीं एक बार तो मस्ती-मस्ती में वरुण ने आलिया के पैर भी छू लिए। जैसे पूरे ट्रेलर में वरुण धवन और आलिया भट्ट ही छाए रहे, वैसे ही सबसे ज्यादा सवाल भी इन्हीं से किए गए। वरुण को लेकर सवाल पूछा गया कि, पहले कलंक के किरदारों के लिए अलग सितारों का चयन किया गया था, वहीं वरुण के किरदार के लिए पहले शाहरुख को चुना गया था।
तो क्या उन्होंने उनसे इस किरदार के लिए उनसे कुछ सीख लेनी चाही? इस पर वरुण ने कहा 'हाल ही में मेरी मुलाकात शाहरुख खान से हुई और उन्होंने मुझे फिल्म के लिए बधाई दी और यह भी कहा कि इस प्रकार का काम करते रहेंगे तो दर्शकों के दिलों में जगह बना पाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि मैने फिल्म कलंक में अच्छा काम किया है।'
अपने पिता के इस सपने को पूरा करने के लिए करण ने बहुत जद्दोजहद की है। वैसे तो वह हमेशा से ही हर इवेंट में खुद आगे आकर हिस्सा लेते हैं, लेकिन इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर वह खुद ही नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं फिल्म के निर्देशक अभिषेक वर्मन भी इस ट्रेलर लॉन्च से नदारद रहे।
फिल्म कलंक में वरुण धवन के अलावा आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, आदित्य रॉय कपूर, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की अहम भूमिका है। इस मौके पर माधुरी दीक्षित ने यह भी कहा कि उन चारों का एक साथ आकर फिल्म में काम करना एक संजोग की ही बात है।