‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज, एक बार फिर मजबूत कहानी लेकर आए अनुभव सिन्हा; दमदार अंदाज में दिखीं तापसी पन्नू
Assi Trailer Release: अनुभव सिन्हा की नई फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर आज रिलीज हुआ है। यहां जानिए कैसा है ट्रेलर और क्या है ‘अस्सी’ फिल्म की कहानी…
विस्तार
निर्देशक अनुभव सिन्हा और अभिनेत्री तापसी पन्नू की जोड़ी एक बार फिर एक नई कहानी लेकर आई है। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी सफल फिल्मों के बाद अब ये जोड़ी फिल्म ‘अस्सी’ लेकर आई है। पिछले दिनों फिल्म की घोषणा की गई थी, तबसे ही दर्शक इसका इंतजार कर रहे हैं। अब आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर काफी दमदार लग रहा है और एक बार फिर अनुभव सिन्हा अपनी फिल्म के जरिए कई सवाल खड़े करते हैं। यहां देखिए ‘अस्सी’ के ट्रेलर में क्या कुछ है खास।
बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल करती है फिल्म
2 मिनट 52 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत कोर्ट में वकील के तौर पर तापसी पन्नू के किरदार से होती है। जहां वो बताती हैं कि ‘अपराध वाले दिन देशभर में 80 रेप कंपलेंट हुई थीं, जिनमें से 76 का तो ट्रायल भी स्टार्ट नहीं हुआ है।’ इसके बाद दिखाया जाता है कि एक महिला को एक कार से किडनैप कर लिया जाता है। बाद में उस महिला का गैंगरेप करके उसको रेलवे पटरियों के पास छोड़ दिया जाता है। फिर पुलिस इन्वेस्टिगेशन और कोर्ट केस चलता है। ‘अस्सी’ एक कोर्टरूम ड्रामा जिसमें बलात्कार जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर बात की गई है। फिल्म में तापसी पन्नू एक वकील के किरदार में नजर आई हैं, जबकि कानी कुसृति ने रेप पीड़िता की भूमिका निभाई है। ट्रेलर से पता चलता है कि अनुभव सिन्हा एक बार फिर एक दमदार कहानी लेकर आए हैं, जो बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल उठाती है।
नजर आई दमदार स्टारकास्ट
अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित और टी-सीरीज द्वारा निर्मित फिल्म की स्टारकास्ट काफी दमदार है। फिल्म में तापसी पन्नू के अलावा मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, कानी कुसृति और रेवती भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में इन सभी किरदारों की भी झलक देखने को मिलती है। ‘अस्सी’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर देखकर कई बार आपको ‘पिंक’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी फिल्मों की झलक भी दिखेगी।
अनुभव सिन्हा की फिल्मों का वैसे भी दर्शकों को काफी इंतजार रहता है। तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा की ये साथ में तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों साथ में 'मुल्क' और 'थप्पड़' जैसी फिल्में कर चुके हैं। ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भी सफल हुई थीं और क्रिटिकली भी फिल्म को काफी पसंद किया गया था। ऐसे में अब ये जोड़ी 'अस्सी' लेकर आ रही है। इसलिए दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।
