दिलजीत दोसांझ : इंदौर के बाद अहमदाबाद कॉन्सर्ट में भी नहीं सुनाई देंगे यह गाने, DCPO ने पुलिस से लगाई गुहार
- दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट जल्द अहमदाबाद में होने वाला है।
- इंदौर की तरह यहां भी कुछ गानों को लेकर रोक लगाई गई है।
- इस खबर में जानिए डीसीपीओ ने पुलिस प्रशासन से क्या गुहार लगाई।
विस्तार
बीते दिनों सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में आयोजकों से सामने कई शर्ते रखी गई थीं। अब गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले आगामी कॉन्सर्ट के लिए भी प्रशासन नियमों के पालन पर ध्यान दे रहा है।
विशेष गाने न गाने की चेतावनी
अहमदाबाद के डीसीपीओ (डिस्ट्रिक्ट चाइड प्रोटेक्शन ऑफिसर) ने अपनी शिकायत में 'पटियाला पेग', '5 तारा ठीके', 'जीब विचो फीम लब्बिया' और 'जट उत्थे फायर करदा जिथे पाबंदी हथियारा दी’ जैसे गानों को गाने पर रोक लगाने के लिए कहा है। केंद्र के नशा मुक्त भारत अभियान का हवाला देते हुए पत्र में तर्क दिया गया है कि शराब और नशीली दवाओं के उपयोग का महिमामंडन करने वाले गीतों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, भले ही उनके बोल संशोधित हों।
सिंगर के लिए इंदौर में भी यही नियम
रिपोर्ट्स के मुताबिक इंदौर में होने वाले सिंगर के कॉन्सर्ट में आयोजकों के सामने कुछ शर्ते रखी गई हैं। अधिकारियों को कथित तौर पर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि दिलजीत ऐसे गाने न गाएं जिनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इस बारे में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने कहा, ‘दिलजीत दोसांझ का संगीत कार्यक्रम 15 नवंबर को ट्वेंटी वन बिजनेस पार्क में होने वाला है। हमें चंडीगढ़ से एक पत्र मिला है जिसमें मादक पदार्थों, नशीले पदार्थों या हथियारों का महिमामंडन करने वाले गीतों के बारे में बताया गया है। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए, हमने आयोजकों को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ऐसे गाने न गाए जाएं, क्योंकि इनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।’
कोर्ट के आदेश का हो रहा पालन
यह कदम चंडीगढ़ स्थित प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवार की शिकायत के बाद उठाया गया है, जिन्होंने शराब, ड्रग्स और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने वाले गीतों पर बार-बार आपत्ति जताई है। इसमें पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा 22 जुलाई, 2019 को की गई उस टिप्पणी का भी उल्लेख है, जिसमें बच्चों पर उनके प्रभाव को लेकर चिंताओं के कारण शराब, ड्रग्स और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गीतों पर, लाइव प्रदर्शनों के दौरान भी, प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया गया था।
कुछ समय से सोशल मीडिया पर सिंगर के इंदौर कॉन्सर्ट के कैंसल होने की खबरें चल रही थीं। इस पर दिलजीत दोसांझ मंगलवार को इंस्टाग्राम पर लाइव आए। इस दौरान उन्होंने उन अफवाहों का खंडन किया जिनमें कहा जा रहा था कि सुरक्षा कारणों से उनका आगामी इंदौर कॉन्सर्ट रद्द हो सकता है। अपने मजाकिया अंदाज में दिलजीत ने कहा, ‘15 तारीखों को इंदौर आ रहे हैं, 101 फीसदी आ रहे हैं। सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर फिर चक दे फट्टे। कोई जो मर्जी बोले, मैं 15 तारीखों को जरूर मिलूंगा। आप बस मेरी बात पर विश्वास रखो।’