डिगर: 19 साल में टॉम क्रूज की सबसे कमजोर ओपनिंग, सिनेमाघरों में खराब प्रदर्शन बन रहा मेकर्स के लिए मुसीबत
Tom Cruise Film Digger Failed: फिल्म ‘डिगर’ में टॉम क्रूज का अंदाज दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम रहा। फिल्म का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन भी मेकर्स की जेब भरने में नाकाम रहा। यह क्रूज जैसे सुपरस्टार के लिए बेहद निराशा भरी फिल्म साबित हो रही है।
विस्तार
फिल्म ‘डिगर’ की कमाई बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी चल रही है। इस बहुप्रतिक्षित फिल्म का कलेक्शन उम्मीद से काफी कम है। यहां तक कि फिल्म वीकेंड होने के बाद भी संतोष जनक कलेक्शन नहीं कर पाई।
हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज के लिए निराशा
एक्टर टॉम क्रूज दुनियाभर में मशहूर हैं। मगर यह फिल्म ‘डिगर’ उनके करियर की सबसे कम कमाई करने वाली फिल्म बनती जा रही है। यह फिल्म एक्टर की 19 वर्षों में अपने ओपनिंग डे पर सबसे कम कमाई करने वाली फिल्म है। फिल्म 'डिगर' 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। टॉम इसमें डिगर रॉकवेल की भूमिका निभाई है। इस रोल के लिए क्रूज ने अपने फिजिक से लेकर मेकअप में कई बदलाव किये थे। सैंड्रा हूलर, जॉन गुडमैन, माइकल स्टुहलबर्ग, जेसी प्लेमन्स, सोफी वाइल्ड, रिज अहमद और एम्मा डी'आर्सी भी इस फिल्म में अहम हिस्सा हैं।
बजट पर भारी पड़ रहा कलेक्शन
फिल्म ‘डिगर’ टॉम क्रूज की महत्तवकांक्षी फिल्म है। इस ब्लैक कॉमेडी फिल्म का बजट 160 मिलियन से 180 मिलियन है। फिल्म ने अब तक सिर्फ 8 मिलियन का कलेक्शन किया है। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन देखते हुए अब मेकर्स के लिए फिल्म की लागत निकाल पाना भी मुश्किल लग रहा है। इसका सीधा असर पैरामाउंट स्काईडांस के साथ स्टूडियो के 111 बिलियन अमेरिकी डॉलर की डील पर भी पड़ सकता है।
टॉम क्रूज अब भी उत्साहित
बीते शनिवार टॉम क्रूज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने इन बीटीएस फोटोज के साथ अपनी टीम के लिए एक प्यार भरा कैप्शन लिखा। टॉम ने लिखा, ‘डिगर आधिकारिक तौर पर सिनेमाघरों में आ गई है और मुझे इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ इस फिल्म को बनाने का अवसर मिलने पर बहुत गर्व है। पूरी कास्ट और क्रू को उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और उत्साह के लिए धन्यवाद। यह अनुभव सचमुच कभी न भूलने वाला था और मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि हमने क्या बनाया है।’
फिल्म ‘डिगर’ का कलेक्शन
- फिल्म डिगर ने भारत में अपने ओपनिंग डे में 78 लाख रुपये का कलेक्शन किया था।
- वहीं दूसरे दिन फिल्म ने 52 लाख रुपये की कमाई की।
- तीसरे दिन फिल्म की कमाई 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया।
- फिल्म ने दो दिनों में भारत में कुल 1.55 करोड़ रुपये का करोबार कर लिया है।
- हालांकि बीते कुछ महीनों में यह सबसे कम कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन चुकी है।