अनुपम खेर-रॉबर्ट डी नीरो: हॉलीवुड दिग्गज से मिले अभिनेता; बातों और मुलाकात के बाद क्या मिला खास तोहफा?
Anupam Kher Met Robert De Niro: बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर हॉलीवुड के दिग्गज रॉबर्ट डी नीरो के फैन हैं। अमेरिका यात्रा के दौरान वे उनसे जरूर मिलते हैं। एक बार फिर उन्होंने अपने पसंदीदा हीरो और प्यारे दोस्त से मुलाकात की।
विस्तार
अभिनेता अनुपम खेर ने हॉलीवुड के चर्चित हीरो रॉबर्ट डी नीरो से हाल ही में मुलाकात की। अमेरिका यात्रा के दौरान वे हॉलीवुड दिग्गज के घर गए। यहां उन्होंने साथ में खाना खाया। लंबी बातचीत की। इसके बाद रॉबर्ड डी नीरो ने उन्हें खास तोहफा भी दिया। अनुपम खेर ने अपने पसंदीदा एक्टर से खास मुलाकात की झलकियां इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं।
अमेरिका में जिगरी दोस्त से मिले अनुपम खेर
अनुपम खेर अपने नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' के सिलसिले में अमेरिका और कनाडा यात्रा पर गए। अमेरिका यात्रा के दौरान ही उन्होंने रॉबर्ड डी नीरो से मुलाकात की। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा है, 'मिस्टर रॉबर्ट डी नीरो से मुलाकात। मैं अमेरिका आऊं और अपने सबसे प्यारे दोस्त और दुनिया के बेहतरीन एक्टर, मिस्टर रॉबर्ट डी नीरो से न मिलूं, ऐसा कैसे हो सकता है? एक्टर ने तस्वीरों की एक पूरी सीरीज शेयर करने के साथ नोट लिखा है। उन्होंने लिखा है, 'इस दिग्गज से मिलना हमेशा खुशी देता है और एक बार फिर, अमेरिका और कनाडा की मेरी यात्रा का यह सबसे खास पल रहा'।
लजीज लंच के लिए कहा शुक्रिया
अनुपम खेर ने आगे लिखा है, 'प्यारे मिस्टर डी नीरो, मुझे अपने घर बुलाने, स्वादिष्ट लंच और आपके प्यार और अपनेपन के लिए आपका शुक्रिया। हमारी बातचीत और अपना समय देने की आपकी दरियादिली मेरे लिए बहुत मायने रखती है। जब भी हम मिलते हैं, तो मुझमें मौजूद आपका प्रशंसक भी उतना ही उत्साहित होता है, जितना कि आपका दोस्त'।
एक्टर बोले- 'आपका बहुत सम्मान करता हूं'
अभिनेता ने आगे लिखा है, 'एक एक्टर और एक इंसान..., मैं दोनों ही रूपों में आपका बहुत सम्मान करता हूं। और, आपको अपना दोस्त कह पाने पर मैं सच में खुद को खुशकिस्मत मानता हूं। आपको, टिफनी और आपके पूरे परिवार को मेरा प्यार और धन्यवाद। एक और खूबसूरत और खास याद देने के लिए शुक्रिया, जिसे मैं अपने साथ घर ले जाऊंगा। भगवान आप पर हमेशा कृपा बनाए रखे'।
क्या मिला खास गिफ्ट?
मुलाकात के दौरान रॉबर्ड ने अनुपम खेर को तोहफे में कैप दी। इसके लिए अनुपम खेर ने शुक्रिया अदा करते हुए लिखा है, 'सबसे जरूरी बात, उस कैप के लिए धन्यवाद। आपका यह प्यार और स्नेह मेरे लिए बहुत मायने रखता है'।