टेलर लॉटनर: बेटी के पिता बने ‘ट्वाइलाइट’ फेम अभिनेता, पोस्ट के जरिए कराया फैंस का परिचय, नाम में है यह खास बात
Taylor Lautner Daughter: अभिनेता टेलर लॉटनर और टेलर 'टे' लॉटनर ने अपनी बेटी के आगमन की सूचना फैंस के साथ शेयर कर दी है। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी बेटी के नाम की जानकारी भी पोस्ट के जरिए फैंस को दी।
विस्तार
फिल्म ‘ट्वाइलाइट’ से चर्चा में आए अभिनेता टेलर लॉटनर और टेलर 'टे' लॉटनर एक प्यारी सी बेटी के पैरेंट्स बन चुके है। इस खास मौके की जानकारी एक्टर ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी। जानें क्या है पोस्ट?
क्या है टेलर लॉटनर की पोस्ट में खास?
हॉलीवुड अभिनेता टेलर लॉटनर और उनकी पत्नी ने अपनी पहली संतान बेटी का एक हफ्ते पहले स्वागत किया है। अपनी इस खुशी को कपल ने 23 सितंबर को एक संयुक्त इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से फैंस के साथ साझा किया। कपल ने बेटी की एक फोटो पोस्ट की जिसमें उनकी बेटी गुलाबी कंबल पर आराम करती हुई नजर आ रही है। उन्होंने पोस्ट में अपनी बेटी की जन्मतिथि 16 सितंबर बताई।
पोस्ट में बेटी का नाम भी बताया
टेलर लॉटनर और टेलर 'टे' लॉटनर की इस पोस्ट में उन्होंने अपनी बेटी के नाम की घोषणा भी की। उन्होंने लिखा, ‘हमारी बेटी को इस दुनिया में कदम रखे एक हफ्ता हो चुका है। लेनन टेलर लॉटनर 9.16.2026।’ एक्टर की बेटी का मूल नाम लेनन है। इसके साथ ही एक्टर ने अपनी बेटी के नाम के आगे अपना नाम और सरनेम भी लगाया है। उनकी पत्नी भी अपने नाम के साथ एक्टर का मूल नाम जोड़ती हैं।
प्रेगनेंसी के दौरान फैंस को देते रहे जानकारी
- इस साल मार्च में एक्टर ने फैंस को पत्नी की प्रेगनेंसी की जानकारी दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, ‘दो टेलर लॉटनर से बेहतर क्या हो सकता है?
- इसके बाद जून के महीने में उन्होंने फैंस को बताया कि जल्द उनके परिवार में उनकी बेटी शामिल होने वाली है।
- अगस्त के महीने में उन्होंने गुलाबी थीम पर आधारित बेबी शॉवर पार्टी का आयोजन किया।
- इसी दौरान उन्होंने लेनन के नर्सरी रूम का दौरा कराया, जिसे टेलर ने घर का उसका सबसे पसंदीदा कमरा बताया।
टेलर और टे की लव स्टोरी
टेलर और टे की मुलाकात 2018 में टेलर की छोटी बहन मैकेना मूर के जरिए हुई थी। उन्होंने उसी साल डेटिंग शुरू की, 2021 में सगाई की और नवंबर 2022 में शादी कर ली।