विवादित फिल्म 'काला हिरण' की पहली झलक देख क्या बोले लोग? सलमान खान के प्रशंसकों को क्यो आया गुस्सा?
Kala Hiran First Look: फिल्म 'काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी' चर्चा में हैं। रिलीज से पहले ही इस पर विवाद शुरू हो गया है। हालांकि, इस बीच आज शुक्रवार को इसकी पहली झलक सामने आई है। जानिए इस पर नेटिजंस ने कैसी प्रतिक्रिया दी है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिल्म 'काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी' का पोस्टर जब से रिलीज हुआ, तब से यह खूब सुर्खियां बटोर रही है। कथित तौर पर यह फिल्म सलमान खान के साल 1998 के काले हिरण मामले पर आधारित है। इसे लेकर सलमान खान की तरफ से निर्माताओं को कानूनी नोटिस भी भेजा गया है। विवादों और सवालों के बीच फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज हुआ है। इस पर दर्शकों और सलमान खान के प्रशंसकों की प्रतिक्रिया आ रही है।
दो वर्गों में बंटे दिखे लोग
इस फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। बता दें कि फर्स्ट लुक जानी फायरफॉक्स फिल्म्स के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। इस पर यूजर्स रिएक्शन दे रहे हैं। प्रतिक्रिया देने वाले लोग दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं। एक वर्ग है सलमान खान के प्रशंसकों का है। वहीं, दूसरे वर्ग के लोग निर्माता अमित जानी को सपोर्ट करते दिख रहे हैं। वे फिल्म के प्रति अपनी दिलचस्पी जाहिर कर रहे हैं।
फर्स्ट लुक की अवधि पर उठे सवाल
यूजर्स फर्स्ट लुक के हिसाब से वीडियो की अवधि को लंबा बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है, 'फर्स्ट लुक है या पूरी फिल्म ही दिखा दी'। वहीं, कुछ यूजर्स लिख रहे हैं, 'फिल्म का स्वागत है। उम्मीद है कि यह तथ्यों के साथ शानदार तरीके से बनाई गई होगी। फिल्म का इंतजार है'। कुछ यूजर्स ने लिखा, 'इस फिल्म को बनाना हिम्मत का काम है। पूरी टीम को बधाई'।
सलमान खान के प्रशंसक क्या बोले?
वहीं, सलमान खान के फैंस फिल्म और फर्स्ट लुक पर सवाल उठाते दिखे हैं। एक यूजर ने लिखा है, 'एक गैंगस्टर की तुलना भगत सिंह से मत करो'। एक यूजर ने लिखा है, 'भाई के नाम पर फेम चाहिए। एक लीजेंड हमेशा ही लीजेंड रहता है'। वहीं, कुछ यूजर्स मजाकिया कमेंट भी कर रहे हैं। एक ने लिखा है, 'निर्माताओं से निवेदन है कि कभी फुटपाथ पर मत आना'।
पहली झलक में क्या है?
फिल्म 'काला हिरण' सलमान खान के मामले पर ही आधारित है, इसका अंदाजा फर्स्ट लुक देखकर साफ-साफ हो जाता है। इसमें लीड एक्टर का लुक सलमान खान से मिलता-जुलता है। यहां तक कि मुख्य हीरो ने सलमान खान जैसा ब्रेसलेट भी पहना हुआ है। फर्स्ट लुक की शुरुआत 02 अक्तूबर 1998 की तारीख से होती है, जब दरमियानी रात को दो काले हिरण का शिकार किया जाता है। कोर्ट में बहस चल रही है। काले हिरण का शिकार किया जाने का आरोप अयान खान पर लगा है। अयान खान का किरदार सलमान खान से प्रेरित दिख रहा है।