सोनू निगम के बेटे नेवान का डेब्यू: 19 की उम्र में शॉर्ट फिल्म 'स्लाइड' से रखे कदम, पिता ने बताई सफर की कहानी
- सिंगर सोनू निगम के बेटे ने 19 साल की उम्र में मनोरंजन जगत में कदम रख दिया है।
- दिवाली 2026 के मौके पर सोनू ने अपने बेटे को शॉर्ट फिल्म 'स्लाइड' के जरिए दुनिया से रूबरू कराया।
- इस फिल्म के साथ नेवान ने बतौर म्यूजिक कंपोजर भी अपना डेब्यू किया है।
विस्तार
कभी वह पिता के सामने गाने में भी शर्माता था
सोनू ने एक पोस्ट शेयर कर लिखा, 'एक गोल-मटोल छोटे बच्चे से लेकर फिट और दुबले-पतले युवा बनने तक का उसका सफर शानदार रहा है। कभी वह अपने पिता के सामने गाना गाने में भी बहुत शर्माता था, लेकिन आज वह अपने शानदार वोकल कोच से सीखी गई एक्सरसाइज रोजाना 16 घंटे तक करता है। इतना ही नहीं, वह मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर पू बेयर के साथ स्टूडियो में एक ही टेक में रिकॉर्डिंग भी कर रहा है। नेवान ने हमारे परिवार को बहुत खुश और आभारी महसूस कराया है।'
नेवान बचपन में भी अपनी गायकी को लेकर चर्चा में आ चुके हैं। महज चार साल की उम्र में उन्होंने 'कोलावेरी डी' का अपना वर्जन रिकॉर्ड किया था। इसके अलावा वह अपने पिता सोनू निगम के साथ स्टेज पर फिल्म 'अग्निपथ' का गाना 'अभी मुझमें कहीं' भी गा चुके हैं।
सोनू ने बताया कि बचपन में कैमरे और लोगों के सामने आने के बावजूद नेवान ने अपनी अलग राह चुनी। उन्होंने अपने पिता और दादा की तरह पारंपरिक शास्त्रीय संगीत को ही अपना करियर बनाने के बजाय अपनी पसंद के हिसाब से संगीत सीखने और उस पर काम करने का फैसला किया। इसके लिए वह रोजाना कई घंटे प्रैक्टिस करते हैं और अपनी फिटनेस पर भी ध्यान देते हैं।
सोनू ने बेटे के शारीरिक बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था, जब नेवान के लिए सिर्फ तीन मिनट तक दौड़ना भी मुश्किल था। लेकिन अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने खुद को इतना तैयार किया कि अब घंटों तक डांस की रिहर्सल कर सकते हैं।
अपनी पोस्ट के आखिर में सोनू ने फैंस से नेवान को आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस नए सफर में मेहनत, विनम्रता और आत्मसम्मान बनाए रखना सबसे जरूरी है।
देखें पोस्ट-
- सोनू निगम के वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही में उन्होंने फिल्म 'बंटवारा 1947' के गाने 'तब्बसुम' को अपनी आवाज दी है।
- इस गाने को एआर रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
- इसके अलावा सोनू ने फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' के गाने 'तुझ में बसी मेरी जान' को भी गाया है।
- इस गाने का संगीत प्रीतम ने तैयार किया है और इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।
ये भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस: 'रामायण' ने दुनियाभर में मचाया धमाल, पहले वीकएंड पर कमाए करोड़ों; 'गॉडजिला' से मिली कड़ी टक्कर