60 की उम्र में फेसबुक पर मिला प्यार और 75 दिनों में की शादी; फिल्मी है ‘लगान’ फेम सुहासिनी मुले की लव स्टोरी
Suhasini Mulay Love Story: फिल्म 'लगान' में आमिर खान की मां का किरदार निभाने वाली दिग्गज अभिनेत्री सुहासिनी मुले की लव स्टोरी काफी फिल्मी है। इससे भी ज्यादा दिलचस्प है कि उनकी मोहब्बत की तलाश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पूरी हुई। इसके बाद 60 की उम्र में उन्होंने शादीशुदा जिंदगी में कदम रखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
60 की उम्र! आमतौर पर इसे जिम्मेदारियों से मुक्त होकर आराम करने का पड़ाव माना जाता है। मगर, ऐसे वक्त में अगर कोई नए सिरे से जिंदगी शुरू करे तो? बातें बनाने वाले शायद बातें बनाएं, लेकिन जिंदगी जीने का हुनर जिन्हें आता है, वो ऐसे फैसले ले लेते हैं। यूं तो इन दिनों आमिर खान 61 की उम्र में तीसरी शादी करने वाले हैं और इसे लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। सलमान खान 60 की उम्र में मोस्ट एलिजिबल बैचलर हैं। लोग उनकी शादी की उम्मीद में बैठे हैं। ऐसे ही उम्र के इसी पड़ाव पर आमिर खान की ऑनस्क्रीन मां अभिनेत्री सुहासिनी मुले ने भी शादी रचाई।
75 दिनों के अंदर लिया शादी का फैसला
सुहासिनी मुले एक बार फिर अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। चर्चा इस बात की है कि वे 15 वर्ष पहले 60 की उम्र में दुल्हन बनी थीं। इससे भी ज्यादा चर्चा इस बात की है कि उन्हें अपना प्यार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर मिला था। यूं तो सुहासिनी एक को-स्टार के सुझाव पर फेसबुक से जुड़ी थीं। वे यहां काम की तलाश में आई थीं। मगर, किस्मत ने मुलाकात करा दी उनकी मोहब्बत से। फिर हुआ ये कि 75 दिनों के अंदर शादी का फैसला ले लिया।
फेसबुक पर दिखा सजेशन और शुरू हुई बात
सुहासिनी और उनके पति अतुल की मुलाकात फेसबुक पर काफी मजेदार अंदाज में हुईं। फेसबुक पर एक दिन जब वे स्क्रॉल कर रही थीं, तो उन्हें 'पीपुल यू मे नो' में अतुल गुर्टू की प्रोफाइल सजेशन में दिखी। सुहासिनी के मुताबिक, 'मैंने अतुल का प्रोफाइल देखा और सोचा, 'क्या भौतिक वैज्ञानिक भी फेसबुक पर होते हैं?' वह उस समय स्विट्जरलैंड में एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। मुझे हमेशा से विज्ञान में रुचि रही है, इसलिए मैंने उत्सुकता से एक मैसेज भेज दिया और उस प्रोजेक्ट के बारे में सवाल किया। यहीं से बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे ईमेल और मैसेज होने लगे और एक-दूसरे को समझने लगे।
अतुल की बात सुनकर आई खूब हंसी
सुहासिनी ने बताया कि एक दिन अतुल ने बातों-बातों में दिल की बात कर दी। उन्होंने बताया कि वे जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं। सुहासिनी ने कहा, 'उन्होंने सीधे तौर पर कभी कुछ प्रपोज नहीं किया, लेकिन उन्होंने इसका इशारा जरूर दिया। जब मुझे एहसास हुआ कि वे किसी की तलाश में हैं, तो मैं मन ही मन हंसी। मैंने सोचा, 'जब मुझे 60 वर्षों में सही इंसान नहीं मिला, तो अब अचानक कैसे मिल जाएगा?'
दोस्त ने दिया रिश्ता आगे बढ़ाने का सुझाव
सुहासिनी ने अतुल और अपनी बातचीत का जिक्र अपनी एक दोस्त से किया। दोस्त ने सुझाव दिया कि इस उम्र में तुम्हारे पास विकल्प यूं ही काफी कम हैं। दरवाजा खोलने से पहले ही उसे बंद मत करो। बातचीत आगे बढ़ाओ, अगर वह पसंद न आए तो तुम हमेशा पीछे हट सकती हो। हालांकि, सुहासिनी फिर भी सतर्क थीं। अतुल ने नंबर मांगा तो उन्होंने साफ कहा, 'अच्छी लड़कियां अजनबियों को अपना नंबर नहीं देतीं। इंटरनेट की दुनिया में यह देखना जरूरी है कि सामने वाला सच बोल रहा है या नहीं'।
चेकलिस्ट पर खरे उतरे अतुल
अपनी तसल्ली के लिए सुहासिनी ने अतुल के बारे में पूरी पड़ताल की और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) की वेबसाइट पर मौजूद उनकी आधिकारिक तस्वीरों को फेसबुक की तस्वीर से मैच किया। सबकुछ सही पाए जाने के बाद एक बचपन की सहेली ने हिम्मत दी और इस तरफ आगे बढ़ने का सुझाव दिया। जुलाई में दोनों की बातें शुरू हुई थीं। अतुल मिलना चाहते थे। पहली मुलाकात दिवाली के अगले दिन तय हुई। सुहासिनी की चेकलिस्ट पर डॉ. अतुल गुर्टू खरे उतरे।
पसंद आया एक-दूसरे का साथ
नवंबर के अंत में दोनों पहली बार आमने-सामने मिले और काफी लंबी बात हुई। दोनों को एक-दूसरे का साथ इतना पसंद आया कि उन्होंने देर न करने का फैसला किया। 16 जनवरी 2011 को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। पहली मुलाकात के महज 75 दिनों के भीतर दोनों जीवनसाथी बन गए। सुहासिनी ने बताया कि अतुल से मिलकर उनकी मां बेहद खुश हुईं और कहा कि तुमने एक बुद्धिमान शख्स चुना है। बता दें कि सुहासिनी अब 75 वर्ष की हैं। अतुल और उनकी शादी को 15 साल हो चुके हैं। दोनों एक-दूसरे के साथ खुश हैं।