Vijay-Rashmika: 'विरोश' की शादी को हुआ एक महीना; कपल ने फंक्शन को खास बनाने वाली महिलाओं का शुक्रिया अदा किया
Vijay Rashmika 1 Month Wedding Anniversary: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शादी रचाई। कपल के विवाह को आज एक महीना पूरा हो गया है। ऐसे में दोनों ने उन महिलाओं के नाम एक पोस्ट लिखा है, जिन्होंने शादी को खूबसूरत बनाने में मदद की।
विस्तार
विजय देवरकोंडा और रश्मिका की शादी को आज 26 मार्च को एक महीना पूरा हो चुका है। पहली मासिक वेडिंग एनिवर्सरी पर कपल ने उन महिलाओं के नाम एक दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा है, जिन्होंने इस वेडिंग को रॉयल बनाया। मेकअप से लेकर ज्वैलरी, वेन्यू, दावत, मेहमानों की लिस्ट और व्यवस्था से लेकर हर चीज का ख्याल रखा। विजय ने यह खुलासा भी किया कि उन्होंने अपने रिसेप्शन में अपनी दोस्त ऐश्वर्या की ज्वैलरी से अपना लुक कंपलीट किया था और इस तरह उन्होंने ऐश्वर्या का शुक्रिया अदा किया था।
शादी को खास बनाने वाली महिलाओं पर विजय ने लुटाया प्यार
विजय देवरकोंडा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ लिखा है, 'शादी को एक महीना हो गया। हम सभी की जिंदगी में कुछ बड़े पल आते हैं। आप इनकी तैयारी सही तरीके से करते हैं, तो इसकी यादें हमेशा आपके साथ रहेंगी और आपको व आपके आस-पास के सभी लोगों को खुशियां देंगी। और, मैं हमेशा यही सुनिश्चित करना चाहता हूं। और, अब जब मैं और रुशी (रश्मिका मंदाना) काम पर वापस लौट रहे हैं तो मैंने सोचा कि कुछ पल निकालकर उन महिलाओं को प्यार दूं, जिन्होंने मेरी और मेरे आस-पास के सभी लोगों की शादी खुशियों भरी हो।
विजय-रश्मिका की खास ज्वैलरी के पीछे किसका हाथ?
विजय ने लिखा, 'मेरी ज्वेलरी डिजाइनर अर्पिता और टीम का शुक्रिया। मुझे बस कुछ कहना होता था और वे उसे हकीकत में बदल देते थे। मैंने उनसे कभी एक बार भी 'यह मुमकिन नहीं है' जैसा शब्द नहीं सुना। मैंने उनसे ऐसी चीजें बनाने को कहा, जो सिर्फ मेरे ख्यालों में थीं और जिन्हें कोई और बना भी नहीं रहा था। और, वे सबसे खूबसूरत स्केच लेकर वापस आए, जो मेरे सपनों से भी ज्यादा खूबसूरत थे। उन्होंने सपने को हकीकत में बदल दिया। अर्पिता, तुमने कुछ बहुत ही खास किया है, और मेरे दिल में तुम्हारे लिए बहुत सारा प्यार है। रश्मिका ने भी अर्पिता का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा है, 'हमारे पास कुछ आइडिया थे और सिर्फ एक मीटिंग में ही तुमने उन सबको हकीकत बना दिया। तुमने हमारे सपनों को सच कर दिखाया। हमारे आइडिया बहुत अलग तरह के थे, लेकिन तुमने कभी मना नहीं किया। तुम्हारी शुक्रगुजार हूं।
विजय ने इस अंदाज में किया ऐश्वर्या का शुक्रिया अदा
विजय ने आगे लिखा है, 'मेरी दोस्त ऐश्वर्या। हर किसी को एक ऐसी दोस्त मिलनी चाहिए। वह सचमुच एक आशीर्वाद है। मेरे बिना कहे भी, जिस पल मैंने शादी करने का फैसला किया, तब से लेकर अब तक वह हर पल मेरे साथ रही, ताकि यह तय हो सके कि मैं और रश्मिका खूब एंजॉय करें। घूमने-फिरने से लेकर शादी का वेन्यू, चुनने तक, खाने का स्वाद चखने तक, इस सब के दौरान मस्ती में झूमने तक, कपड़ों को हकीकत में बदलने तक, ज्वेलरी, शादी के कार्ड, निमंत्रण, डेकोरेशन, सफर, हमने जो कुछ भी किया, वह हर कदम पर हम दोनों के साथ खड़ी रही। उसे शुक्रिया कहने के लिए शब्द काफी नहीं हैं, इसलिए मैंने तय किया कि शादी के जश्न के आखिरी दिन यानी रिसेप्शन के दिन, मैं जो भी ज्वेलरी पहनूंगा, वह उसी की होगी। इसलिए मैंने उसकी पायल को अपने गले के हार की तरह पहना, उसकी एक और पायल को कंगन की तरह पहना और एक पायल को पैरों में पायल की तरह ही पहना। इस तरह, मैं उसे अपने इस जश्न का एक हमेशा-हमेशा के लिए यादगार हिस्सा बना सका।
रश्मिका ने भी लुटाया ऐश्वर्या पर प्यार
रश्मिका ने अपने पोस्ट में ऐश्वर्या कोल्ला को टैग करते हुए लिखा है, 'तुम्हारे लिए मेरे दिल में जो शुक्रगुजारी, प्यार और तारीफ है, उसके आगे 'थैंक यू' शब्द कुछ भी नहीं हैं। तुम सचमुच इतने वर्षों से मेरे लिए हिम्मत और सहारा बनी रही हो। ऐसे तरीकों से, जिनके बारे में हम सबके सामने बात नहीं कर सकते और यह शादी इतनी शानदार इसलिए हुई, क्योंकि तुम साथ थीं। जिन दिनों मुझे लगता है कि कोई मेरी बात नहीं समझ रहा, तो मेरा हाथ अपने आप फोन की तरफ बढ़ता है ताकि मैं तुम्हें कॉल कर सकूं। और, तुम हमेशा मेरे लिए मौजूद रहती हो। न जाने कैसे, सब कुछ आसान हो जाता है। मैं शुक्रगुजार हूं कि तुम मेरी जिंदगी में हो। तुम्हारी वजह से जिंदगी बहुत, बहुत, बहुत ज्यादा मजेदार हो गई है'।
इस महिला के बिना नहीं हो पाती शादी
विजय आगे लिखते हैं, 'हमारी वेडिंग प्लानर प्रिया। वे वेडिंग प्लानर के तौर पर हमारी जिंदगी में आईं, लेकिन बहुत जल्द ही हमारा दायां हाथ बन गईं और परिवार का ही एक हिस्सा बन गईं। मैं और रुशी अपनी बातचीत में कई बार यह कहते हैं कि,'प्रिया के बिना यह शादी वैसी नहीं हो पाती, जैसी यह हुई है। प्रिया, हम तुमसे बहुत प्यार करते हैं और यह जान लो कि अब से हमारे हर जश्न की प्लानिंग करने की जिम्मेदारी तुम्हारी ही होगी'। रश्मिका ने भी प्रिया के लिए लिखा है, 'हमारे साथ जुड़ने के लिए शुक्रिया और अब परिवार का हिस्सा हो, इसलिए पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं है। हम कुछ जादुई सा बनाना चाहते थे और तुमने बिल्कुल वैसा ही किया। हर चीज एकदम परफेक्ट। तुमने अपने काम में हमारे लिए जो प्यार डाला, वह साफ-साफ दिखाई दे रहा था। हमारे परिवार और दोस्तों में से हर किसी को तुम्हारा काम और तुम्हारी पूरी टीम बहुत पसंद आई।
'आपके बिना यह शादी नहीं होती'
रश्मिका मंदाना ने लिखा है, 'मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि शादी को एक महीना हो गया है। शादी करना तो बहुत दूर की बात लगती थी और अब हमारी शादी को एक महीना हो गया है। यह तो कमाल की बात है। उन सभी का शुक्रिया, जिन्होंने हमसे कहा 'ये दिन आपके हैं। सब कुछ भूल जाइए और खूब एंजॉय कीजिए। हमने ठीक वैसा ही किया, आप सबके बिना यह शादी वैसी नहीं होती। यह उन सबसे खूबसूरत महिलाओं के लिए है जो मेरी जिंदगी में हैं, जो मुझे शांत और जमीन से जुड़ा रखती हैं। यह मेरी छोटी सी दुनिया है।