Fact Check: दीवाली में घर जा रहे लोगों की भीड़ के पुराने वीडियो को मौजूदा गैस संकट से जोड़कर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि गुजरात में गैस की किल्लत की वजह से लोग अपने गांव की ओर लौट रहे हैं। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
विस्तार
पश्चिम एशिया में युद्ध जारी है। इस बीच सरकार ने तेल और गैस के वैश्विक संकट के चलते आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-3 को लागू कर दिया है। इस कानून के लागू होने के बाद पेट्रोलियम उत्पादों और प्राकृतिक गैस के उत्पादन, प्रसंस्करण, शोधन, भंडारण, आयात-निर्यात, मार्केटिंग और उपभोग से जुड़ी सभी कंपनियों को सरकार के पेट्रोलियम योजना और विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) में ताजा डेटा साझा करना अनिवार्य हो गया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में रेलवे स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो गुजराज के रेलवे स्टेशन का है। यहां लोग गैस की कमी के कारण से अपने गांव जा रहे हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है। यह वीडियो दिवाली के समय का है, जहां घर जाने के लिए स्टेशन पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा कि गुजरात में गैस की किल्लत के कारण लोग अपने गांव जा रहे हैं।
Chandra36755 नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा है, “मजदूरों का हुआ बुरा हाल गैस न मिलने पर” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसके साथ ही वीडियो पर लिखा है कि सूरत का उधना रेलवे स्टेशन सूरत में गैस न मिलने के कारण सब लोग गांव वापस जा रहे थे लोग

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें unitedsurat नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 26 अक्तूबर 2024 को साझा किया गया है। इसके साथ ही लिखा है कि सूरत के उधना रेलवे स्टेशन से ली गई तस्वीरों में लोग दिवाली मनाने के लिए अपने-अपने गृहनगर लौट रहे हैं।
आगे की पड़ताल में हमें जी न्यूज का वीडियो मिला। यह वीडियो 27 अक्तूबर 2024 को प्रकाशित किया गया है। यहां हमें 12 सकेंड पर वायरल वीडियो की कुछ क्लिप देखने को मिली। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि गुजरात के सूरत में दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। कई लोगों के पास टिकट होने के बावजूद वे ट्रेन में चढ़ने में नाकाम रहे। सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर 35 हजार से ज्यादा यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। त्योहार के मद्देनजर उत्तर भारत की ज्यादातर ट्रेनें पूरी तरह से पैक हो गई हैं।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को करीब डेढ़ साल पुराना पाया है। इस वीडियो का मौजूदा संकट से कोई संबंध नहीं है।