Fact Check: बंगाल में भाजपा की जीत के बाद रोहिंग्या लोगों के भागने का दावा फर्जी, वायरल वीडियो बांग्लादेश का
Fact Check: सोशल मीडिया पर लोगों की भीड़ के वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद रोहिंग्या भाग रहे हैं। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
4 मई 2026 को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आए। इसमें पश्चिम बंगाल भी शामिल था। यहां भाजपा ने शानदार जीत हासिल की। अब एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में भारी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं। इनमें से अधिकांश लोग सिर पर टोपी पहने, तरह-तरह का सामान लिए हुए और लकड़ी के अस्थायी सहारे पर बने एक छोटे से गैप को पार करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के शेयर करके दावा किया जा रहा है कि बंगाल के चुनाव परिणाम आते ही सारे रोहिंग्या बोरिया-बिस्तर बांधकर बांग्लादेश के लिए निकलने लगे।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि इस दावे में किसी तरह की कोई सच्चाई नहीं है। जांच में सामने आया कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं है बल्कि बांग्लादेश के अल-करीम जामे मस्जिद के पास श्रद्धालुओं को एक नाव में सवार होते हुए दिखाया गया है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होते ही रोहिंग्या वहां से भागने लगे है।
आरुही यादव (@CuteAaruhi3) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “बंगाल के चुनाव परिणाम आते ही सारे रोहिंग्या बोरिया-बिस्तर बांधकर बांग्लादेश के लिए निकलने लगे!” पोस्ट का लिंक आप यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें एक फेसबुक चैनल पर 30 नवंबर 2025 को यह वीडियो देखने को मिला। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया था “चारमोनाई महफ़िल के समापन के बाद, सैकड़ों श्रद्धालु तेज़ी से लॉन्च पर सवार हो रहे हैं।” इस अकाउंट की लोकेशन बांग्लादेश दी गई थी।
आगे सर्च करने पर हमें यह वीडियो एक और फेसबुक चैनल पर देखने को मिला। इस वीडियो को यहां 16 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया था “चरमोनाई महफ़िल के अंतिम क्षणों में, हज़ारों मुस्लिम श्रद्धालु लॉन्च में सवार हो रहे हैं।”
चरमोनाई महफ़िल के बारे में जांच करने पर हमें पता चला कि चार्मोनई महफिल बांग्लादेश के बारिसल जिले में चार्मोनई दरबार शरीफ में आयोजित एक सभा है।
चारमोनाई महफ़िल बांग्लादेश में अल-करीम जामे मस्जिद के पास चारमोनाई दरबार शरीफ में आयोजित होने वाला एक बड़ा, पारंपरिक और वार्षिक धार्मिक आयोजन है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो पश्चिम बंगाल के चुनावों से संबंधित नहीं है। बल्कि इंटरनेट पर बहुत पहले से मौजूद है।