Fact Check: इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर हमले का दावा झूठा, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक आदमी भाषण दे रहे व्यक्ति पर गोली चलाने की कोशिश करता है। वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर हमले की कोशिश हुई है। हमारी पड़ताल में यह दावा झूठा निकला।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति किसी कार्यक्रम को संबोधित कर रहा है। अचानक दूसरा व्यक्ति उस पर बंदूक तान देता है। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने उसे काबू कर लिया। इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि एक इस्राइली सांसद ने नेसेट (संसद) के अंदर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर हमला कर दिया।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि इस दावे में किसी तरह की कोई सच्चाई नहीं है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि वीडियो में इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर हमला नहीं हो रहा है। असल में यह वीडियो 2013 का है। वीडियो में बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में एक व्यक्ति ने तुर्की के एक अल्पसंख्यक पार्टी के नेता पर बंदूक तान दी थी।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि इस्राइली संसद में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर हमला करने की कोशिश की गई।
INC NEWS (@TheIncNews) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा, “इजरायली संसद (नेसेट) के अंदर एक सांसद ने अपराधी नेतन्याहू पर हमला किया और उन्हें पीटा।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो एपी (एसोसिएटेड प्रेस) के यूट्यूब चैनल पर देखने को मिला। इस वीडियो को 19 जनवरी 2013 में प्रकाशित किया गया था। इस वीडियो को पोस्ट करके कैप्शन लिखा गया था “बुल्गारियाई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। इस व्यक्ति ने शनिवार को राजधानी सोफिया में एक पार्टी बैठक के दौरान भाषण दे रहे तुर्की अल्पसंख्यक पार्टी के एक नेता पर गैस पिस्तौल तान दी थी। इस दौरान कोई गोली नहीं चली।”
आगे हमें एनडीटीवी पर इस दावे से जुड़ी रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट को 2013 में प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि बुल्गारियाई पुलिस ने एक आदमी को हिरासत में ले लिया। इस आदमी ने राजधानी में एक पार्टी की बैठक में भाषण दे रहे, तुर्की मूल के एक पार्टी नेता पर गैस पिस्तौल तान दी थी।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो में दिख रहा आदमी इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू नहीं है। साथ ही वीडियो 2013 का है।