फैक्ट चेक: बांग्लादेश के वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर किया जा रहा शेयर, पढ़ें पूरी पड़ताल
फैक्ट चेक: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा कि पश्चिम बंगाल में आरएसएस के लोगों ने हंगामा किया है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक होटल में कुछ लोग तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया ये पश्चिम बंगाल का है। जहां आरएसएस से जुड़े लोगों ने हंगामा किया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो पड़ोसी देश बांग्लादेश का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में आरएसएस के लोगों ने हंगामा किया है।
पीडीए परिवार (@yadavanoop08) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ‘पश्चिम बंगाल के ड्यूर्विंग होटल में आरएसएस के कुछ गुंडों का हंगामा, होटल द्वारा बिल मांगने पर आरएसएस के गुंडों ने ये आरोप लगाकर दुकान में तोड़फोड़ करने लगे कि खाने में चिकन दिया गया है। *** की औकात अगर बिल देने की न हो तो खाना ही क्यों खाते है। पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। वहीं, आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Jago News के यूट्यूबर चैनल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 13 नवंबर 2026 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि खाना परोसने में देरी: तितुमीर कॉलेज के छात्रों ने मोहाखाली के रेस्तरां पर हमला किया |
आगे की पड़ताल में हमें vodbangla की रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया है, "राजधानी के मोहाखाली इलाके में स्थित 'दुरबिन बांग्ला' रेस्तरां में अचानक हमला हुआ और वहां भारी तोड़फोड़ की गई। तितुमीर कॉलेज के छात्रों का एक समूह रेस्तरां के अंदर घुस आया और जमकर उपद्रव मचाया। इस अप्रत्याशित घटना से वहां मौजूद कर्मचारियों और खाना खा रहे ग्राहकों के बीच भारी दहशत फैल गई। यह घटना शुक्रवार (13 नवंबर) दोपहर को हुई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया।"
इसके बाद हमें ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 13 नवंबर 2026 को प्रकाशिक की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि गुरुवार रात ढाका के मोहाखाली में, खाना परोसने में देरी को लेकर हुए विवाद के बाद, गवर्नमेंट टिटुमीर कॉलेज के छात्रों के एक समूह ने एक रेस्तरां पर हमला किया और वहां तोड़फोड़ की। यह घटना 'डुरोबिन बांग्ला' रेस्तरां में हुई, जहां छात्रों और रेस्तरां के कर्मचारियों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर हाथापाई हो गई।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को बांग्लादेश का पाया है। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नही है।
