{"_id":"6adca4d6d153535f9c01a250","slug":"brother-and-sister-die-in-jagadhri-road-accident-2026-10-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"जगाधरी में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूटी की ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर, भाई-बहन की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जगाधरी में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूटी की ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर, भाई-बहन की मौत
Sat, 24 Oct 2026 06:00 PM IST
शाहिल शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर
Published by: शाहिल शर्मा
Updated Sat, 24 Oct 2026 06:00 PM IST
सार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान एक्टिवा उसकी चपेट में आ गई और टक्कर लगने से हादसा हो गया।
विज्ञापन
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
जगाधरी में शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर के सामने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक्टिवा सवार भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनकी मां और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, परिवार खरीदारी के लिए बाजार आया था। इसी दौरान सरस्वती विद्या मंदिर के सामने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की एक्टिवा से टक्कर हो गई। हादसे में 16 वर्षीय महक और पांच वर्षीय हरम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दोनों बच्चों की मां और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मां को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायल बच्चे का भी उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
गलत दिशा से ओवरटेक करने के दौरान हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान एक्टिवा उसकी चपेट में आ गई और टक्कर लगने से हादसा हो गया। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
विज्ञापन
बूड़िया चौकी इंचार्ज सतपाल ने बताया कि परिवार बाजार में खरीदारी करने आया था। ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़ते समय हादसा हुआ, जिसमें भाई-बहन की मौत हो गई और मां व एक अन्य बच्चा घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए मामले की आगामी कार्रवाई शुरू की।