{"_id":"6adcdfef249e03abda01d258","slug":"commission-agent-accused-of-bringing-paddy-from-up-to-sell-in-a-haryana-mandi-2026-10-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"करनाल: आढ़ती पर यूपी से धान लाकर हरियाणा की मंडी में बेचने का आरोप, एफआईआर दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करनाल: आढ़ती पर यूपी से धान लाकर हरियाणा की मंडी में बेचने का आरोप, एफआईआर दर्ज
Sat, 24 Oct 2026 10:12 PM IST
शाहिल शर्मा
माई सिटी रिपोर्टर, करनाल
माई सिटी रिपोर्टर, करनाल
Published by: शाहिल शर्मा
Updated Sat, 24 Oct 2026 10:12 PM IST
सार
आढ़ती इस संबंध में कोई स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाया कि यह धान कहां से लाई गई थी। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय में फर्म की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।
विज्ञापन
आढ़ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
हरियाणा की अनाज मंडियों में धान खरीद प्रक्रिया के दौरान अनियमितताओं पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इंद्री अनाज मंडी में उत्तर प्रदेश से पीआर धान लाकर बेचने के मामले में दुकान संख्या-157 की फर्म तेजिंदर सिंह सोहन लाल के संचालक आढ़ती तेजिंदर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
विज्ञापन
मार्केट कमेटी के सचिव अमित कुमार ने बताया कि 22 अक्टूबर को इंद्री के एसडीएम रमन गुप्ता ने अनाज मंडी में चेकिंग के दौरान धान से भरी दो ट्रॉलियां पकड़ी थीं। इनमें करीब 160 क्विंटल धान लदा हुआ था। धान के संबंध में पूछताछ करने पर आढ़ती द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे।
विज्ञापन
आढ़ती इस संबंध में कोई स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाया कि यह धान कहां से लाई गई थी। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय में फर्म की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद धान की ई-खरीद प्रक्रिया में अनियमितता का मामला पाए जाने पर इंद्री थाना पुलिस में संबंधित आढ़ती व फर्म के खिलाफ शिकायत दी गई। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
धान खरीद में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं
मार्केट कमेटी सचिव अमित कुमार ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश की मंडियों में धान खरीद की प्रक्रिया जारी है। सरकार प्रदेश के किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया पर प्रशासन की निगरानी जारी रहेगी। भविष्य में भी कहीं अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।