हरियाणा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: भाऊ गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, कई संगीन अपराधों में थे शामिल
पुलिस ने गहन प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को काबू किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अदालत से रिमांड पर लिए जाने के बाद आरोपियों से कई अहम सुरागों का खुलासा होने की उम्मीद है।
विस्तार
पुलिस आयुक्त ने बताया कि बहादुरगढ़ सीआईए-2 टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ सदर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह और डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि आरोपी नितिन गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था और कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 16 फरवरी को दिल्ली स्थित नोबल हार्ट हॉस्पिटल के सामने गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
इसके अलावा बकरवाला (दिल्ली) में गोली मारने की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, बीते 7 मार्च को गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक स्थित बिग बॉयज टॉयज शोरूम के बाहर जान से मारने की नियत से फायरिंग करने की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।
एक आरोपी ने की थी अपने चाचा की हत्या
वहीं, दूसरे आरोपी दीपक उर्फ टाइगर ने वर्ष 2018 में जमीनी विवाद के चलते अपने चाचा की हत्या कर दी थी, जिसमें अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फिलहाल वह पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन को लेकर वह अपने दूसरे चाचा की हत्या की साजिश रच रहा था। पुलिस की टीम काफी समय से दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं तो सीआईए-2 टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया गया।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और अब तक की वारदातों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना दिल्ली पुलिस, हरियाणा एसटीएफ सहित संबंधित थानों को भी दे दी गई है।