नारनौल। जिले में एचटी लाइन से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर मार्केट रेट कमेटी के चेयरमैन अनिरुद्ध यादव से किसानों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने एचटी लाइन के अंतर्गत आने वाले मकान, ट्यूबवेल और अन्य ढांचों के लिए उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
सतेंद्र लोहचब ने कहा कि जिले से गुजर रही खेतड़ी-नरेला लाइन को लेकर वे कई बार जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर कमेटी चेयरमैन अनिरुद्ध यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर बुधवार को पंचायत भवन नारनौल में समाधान शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि खेतड़ी-नरेला लाइन के संबंध में प्रशासन की ओर से पावरग्रिड को कई बार पत्राचार किया जा चुका है लेकिन अभी तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है।
बैठक में किसान प्रतिनिधि मनोज कुमार (गुढ़ा), सत्यवीर प्रिंसिपल, धर्मपाल सरपंच, हवासिंह खेड़ा, विनोद चौधरी, ओमप्रकाश, रमेश, महेंद्र, संदीप, बिजेंद्र, राजू, हिम्मत सहित कई किसान व मातृशक्ति मौजूद रहे।