नारनौल। धार्मिक संस्था श्रीराम हनुमान गुणगान प्रचार मंडल एवं श्रीराम मेहंदीपुर बालाजी सेवा संघ द्वारा मंगलवार रात मोहल्ला नलापुर स्थित नत्थूराम सैनी के निवास पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। डॉ. ओमप्रकाश ने “अंजनी मैया के दर पर मैं तो जाउंगी” और अजय शर्मा ने “देना हो तो दीजिए जन्म-जन्म का साथ” जैसे भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के प्रधान आचार्य क्रांति निर्मल ने की, जबकि संरक्षक पंडित महेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। यजमान नरेश सैनी, शिवकुमार व पवन सैनी ने परिवार सहित पूजन कर ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद हनुमान चालीसा व रामधुन के साथ सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया। जिसमें पंडित महेश शर्मा, दीपक शर्मा, पंडित अजय शर्मा, विजय हल्दिया, दिनेश बारी व विजय जैन आदि ने सुंदरकांड पाठ के दोहे चौपाइयों का अपने मधुर स्वर से गायन किया। इस मौके पर काफी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।