Agnipath Protest: कांग्रेस ने खोला अग्निपथ के खिलाफ मोर्चा, हुड्डा बोले- सेना को कमजोर करेगी यह योजना
हरियाणा के लगभग सभी जिलों में कांग्रेस ने अग्निपथ योजन के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस योजना को वापस लेने की मांग की।
विस्तार
अग्निपथ योजना के विरोध में सोमवार को कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रोहतक, सोनीपत, जींद, झज्जर-बहादुरगढ़, महेंद्रगढ़-नारनौल और रेवाड़ी में धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में चर्च रोड पर कांग्रेस ने धरना दिया।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने धरनास्थल पर संबोधित किया कि हम लगातार सेना में अहीर रेजिमेंट बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार नमक, नाम व निशान के सिद्धांत को ही कमजोर करने जा रही है। नई योजना के जरिये स्थायी व अस्थायी दो तरह की फौज बनाई जा रही है। दोनों में सामंजस्य कैसे बैठेगा? देश को आगे बढ़ाना है तो सबसे मजबूत नारा ‘जय जवान, जय किसान’ का है। इसे कमजोर करके देश को मजबूत नहीं किया जा सकता।
कृषि कानूनों की तरह देश की जनता से माफी मांग कर
अग्निपथ योजना को वापस ले सरकार : दीपेंद्र
झज्जर के लघु सचिवालय में अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। यहां राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अग्निपथ योजना को तुरंत वापस ले सरकार, यह योजना राष्ट्रहित में नहीं। फौज को कमजोर नहीं होने देंगे, देश को कमजोर नहीं होने देंगे। हरियाणा से होनी वाली करीब 5000 पक्की भर्ती अग्निपथ योजना में घटकर सिर्फ 963 रह जाएगी, इसमें भी 4 साल बाद सिर्फ 240 होंगे पक्के, 722 होंगे बाहर।
उन्होंने कहा रेवाड़ी की वीर भूमि से वन रैंक वन पेंशन का नारा लगाने वाली भाजपा दिल्ली की सत्ता पर बैठते ही नो रैंक नो पेंशन ले आई। सरकार ने जैसे किसानों से माफी मांगकर तीनों कानून वापस लिए वैसे ही युवाओं से माफी मांगकर अग्निपथ योजना वापस ले। वहीं बहादुरगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उपमंडल सचिवालय परिसर में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व विधायक राजेंद्र जून ने किया।
सोनीपत में योजना के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह
सोनीपत में अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता सुबह 10 बजे लघु सचिवालय के गेट पर पहुंचे और धरना दिया। दोपहर एक बजे तक चले धरने के दौरान कांग्रेसियों ने अग्निपथ योजना के विरोध में नारे लगाए और इस योजना को वापस लेने की मांग की। धरने का नेतृत्व सत्याग्रह प्रभारी एवं पूर्व विधायक संतराम, पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, खरखौदा से विधायक जयवीर खरखौदा, सोनीपत विधायक सुरेंद्र पंवार, राई से पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया, पूर्व विधायक सुखबीर फरमाणा ने किया।
हलका स्तर पर भी बंटी कांग्रेस, उचाना में दो गुटों ने दिया अलग-अलग धरना
वहीं जींद, नरवाना, सफीदों व उचाना में कांग्रेस ने धरना दिया। बड़े स्तर पर दो गुटों में बंटी नजर आ रही कांग्रेस अब हलका स्तर पर भी गुटों में बंटी नजर आ रही है। उचाना हलके के उपमंडल कार्यालय में कांग्रेस ने अग्निपथ योजना को वापस लिए जाने की मांग को लेकर धरना दिया। यहां भी कांग्रेस दो गुटों में बंटी नजर आई। अलग-अलग दोनों गुटों द्वारा धरना दिया गया।
महेंद्रगढ़ में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन
महेंद्रगढ़ में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय कांग्रेस विधायक राव दान सिंह ने किया। कनीना में पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक से लघु सचिवालय तक अर्धनग्न प्रदर्शन कर अग्निपथ योजना को रद्द करने की मांग उठाई। विधायक राव दान सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना का सबसे बुरा प्रभाव दक्षिणी हरियाणा पर पड़ेगा।
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक जाएगा। वहीं नारनौल में अग्निपथ योजना के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने जिलेभर विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग की गई। वहीं रेवाड़ी में सांसद दीपेंद्र हुड्डा और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के नेतृत्व में राजीव चौक के पास शांतिपूर्ण सत्याग्रह आयोजित कर अग्निपथ योजना के विरोध में धरना दिया गया।