हिमाचल: हर्षवर्धन चाैहान बोले- नई औद्योगिक नीति 15 दिन में फाइनल होगी, रोजगार देने वाले उद्योगों को तरजीह
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वर्ष 2019 की औद्योगिक नीति में बदलाव किए जा रहे हैं। इसके लिए पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी एवं कराधान समेत विभिन्न विभागों से सुझाव मांगे गए हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की नई औद्योगिक नीति अगले 15 दिन से एक महीने के भीतर फाइनल हो जाएगी। सरकार इस बार बड़े निवेश के आंकड़ों के बजाय रोजगार, राजस्व और टैक्स देने वाले उद्योगों को प्राथमिकता देगी। अधिक बिजली और पानी की खपत करने के बावजूद कम रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के पक्ष में सरकार नहीं है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सचिवालय मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 की औद्योगिक नीति में बदलाव किए जा रहे हैं। इसके लिए पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और आबकारी एवं कराधान समेत विभिन्न विभागों से सुझाव मांगे गए हैं।
नई नीति में होंगे ये प्रावधान
विभागों की टिप्पणियां मिल चुकी हैं, जबकि अन्य के जवाब का इंतजार है। उन्होंने बताया कि सरिया बनाने वाली छोटी इकाई भी 15 से 20 मेगावाट बिजली की खपत करती है। इतनी बिजली से कई छोटी औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं, जो अधिक लोगों को रोजगार देने के साथ सरकार का राजस्व भी बढ़ा सकती हैं। इसी तरह प्रदेश में पहले से दो एथेनॉल प्लांट स्थापित हैं। इनमें बड़े पैमाने पर भूजल का इस्तेमाल होता है, जिससे जलस्तर पर दबाव पड़ने की आशंका है। उद्योग मंत्री के अनुसार सरकार बड़े निवेशक समूहों से वन-टू-वन बातचीत कर निवेश आकर्षित करेगी। पिछली इन्वेस्टर मीट में 1.25 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए थे, लेकिन वास्तविक निवेश करीब 27 हजार करोड़ रुपये ही आया। नई नीति में कंपनियों की निवेश क्षमता, टर्नओवर, रोजगार, राजस्व और टैक्स के आधार पर प्रस्तावों का आकलन किया जाएगा।
लैंड बैंक विकसित करने पर जोर
प्रदेश में फार्मा उत्पादन की करीब 35 प्रतिशत हिस्सेदारी है, लेकिन बड़े उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध करवाना चुनौती है। सरकार औद्योगिक क्षेत्रों में लैंड बैंक विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। मेडिकल डिवाइस पार्क समेत विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से 30 से 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं हैं। औद्योगिक नीति को एक्ट का रूप देकर सब्सिडी और प्रोत्साहन संबंधी प्रावधानों को कानूनी स्पष्टता भी दी गई है।
