HP Assembly Winter Session: विधायक क्षेत्र विकास, ऐच्छिक निधि वापस लेने पर भड़के भाजपा विधायक
सोमवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायकों ने विधायक क्षेत्र विकास और ऐच्छिक निधि वापस लेने पर नाराजगी जताई। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
विधायक क्षेत्र विकास और ऐच्छिक निधि वापस लेने पर भाजपा विधायकों ने सोमवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान नाराजगी जताई। कहा, लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं होगा। ब्लॉक कार्यालयों से पैसा वापस लेने की ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जानकारी नहीं देने पर भी एतराज जताया। जवाब में मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि साल 2023 तक खर्च नहीं हुई राशि को वापस लिया गया है। नए प्रस्ताव मिलने पर राशि जारी कर दी जाएगी। सभी विधायकों को वापस ली कुल राशि सहित कार्य नहीं होने के कारणों को लेकर पत्र भी भेजे जाएंगे।
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि सरकार ने बिना कोई जानकारी दिए ब्लॉक कार्यालयों से पैसा वापस मंगवा लिया है। सुलह विकास खंड से 20 लाख और भवारना से आठ लाख रुपये लिए जाने की उन्हें जानकारी मिली है। ऐसा पूरे प्रदेश में हुआ है। इस धनराशि को कहां खर्च किया जा रहा है, इसकी भी कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्हाेंने कहा कि विधायकों की ओर से विभिन्न पंचायतों को पैसा जारी किया जाता है। यह राशि क्यों खर्च नहीं हो सकी। इसका कारण सरकार को बताना चाहिए था। पैसा वापस लेना कोई हल नहीं है। उन्होंने कहा कि सचिवों के पास कई-कई पंचायतों का कार्यभार है। ऐसे में असेस्मेंट नहीं हो रही है।
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि साधनों की कमी के कारण पैसा खर्च नहीं हुआ। पैसा वापस लेने से पहले विधायकों के पास बीडीओ को भेजना चाहिए था। बताना चाहिए था कि किस कारण से धनराशि खर्च नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस राशि को खर्च करने का अधिकार केवल विधायक का होता है। राशि उसी मद में खर्च होनी चाहिए, जिसके लिए जारी की गई। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि विधायक एक संस्था है। अगर पूर्व का कोई विधायक पैसा नहीं खर्च सका तो नए विधायक से चर्चा होची चाहिए थी। जवाब में ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ब्लॉक कार्यालयों में पड़ी छोटी-छोटी राशि ब्याज लगकर अब बड़ी हो गई है। इसके चलते पैसा वापस लिया गया। तकनीकी कारणों से यह राशि खर्च नहीं हुई। एनओसी नहीं मिलना, वन भूमि में स्वीकृति ना मिलने राशि खर्च नहीं होने के कारण रहे हैं। सभी विधायक नए सिरे से अपने प्रस्ताव भेजें, पैसा जारी कर दिया जाएगा।
जब भाजपा विधायक बिक्रम सिंह अपना सवाल पूछ रहे थे तो कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने उन्हें टोकते हुए कहा कि आप अध्यक्ष को संबाेधित कीजिए मंत्री को क्यों बोल रहे हो। इस पर बिक्रम ने कहा कि कालिया जी ने बहुत ब्याह खा लिए हैं और अब मेरे पीछे पड़ गए हैं। इसको लेकर सदन में खूब ठहाके लगे।