Indira Gandhi Birth Anniversary: प्रतिभा सिंह बोलीं- इंदिरा के कारण पाकिस्तान को टेकने पड़े थे घुटने
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की राजनीतिक सूझबूझ और परिपक्वता से पाकिस्तान को भारत के आगे घुटने टेकने पड़े थे। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की राजनीतिक सूझबूझ और परिपक्वता से पाकिस्तान को भारत के आगे घुटने टेकने पड़े थे। हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और उसके विकास में इंदिरा गांधी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह बात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कही। प्रतिभा ने कहा कि देश के नवनिर्माण में इंदिरा का बहुत बड़ा योगदान रहा। लाहौल-स्पीति के लोगों की मांग पर इंदिरा ने ही रोहतांग टनल के निर्माण को मंजूरी दी थी। पंडित नेहरू के बाद इंदिरा को भी प्रदेश से गहरा लगाव रहा। आज भी गांधी परिवार के सदस्य सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का प्रदेश के प्रति वही स्नेह बना हुआ है।
प्रतिभा ने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्व. डॉ. यशवंत सिंह परमार के प्रयासों से हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा हासिल हुआ। उनके बाद प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह का आधुनिक हिमाचल के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान रहा है। हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का तत्कालीन जनसंघ (आज की भाजपा) ने विरोध किया था और स्टेटहुड को मारो ठुड का नारा दिया था। भाजपा कभी भी प्रदेश की हितैषी नहीं रही। कांग्रेस ने हमेशा देश और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी है और आगे भी देती रहेगी।