हिमाचल: रोहतांग में बर्फबारी से खिले पर्यटकों के चेहरे, जाम ने रोकी रफ्तार; कुल्लू में दो महीने बाद बारिश
रोहतांग दर्रे पर रविवार को बर्फबारी शुरू होते ही पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन फिसलन और वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी और पर्यटकों को वापस भेजा। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
रोहतांग दर्रे पर रविवार को बर्फबारी शुरू होते ही पर्यटकों का रोमांच बढ़ गया, लेकिन वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों के बीच सैलानी उत्साहित नजर आए, वहीं सड़क पर फिसलन और वाहनों की बढ़ती संख्या से जाम की स्थिति बन गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रोहतांग दर्रे और उसके पार जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी। दर्रे की ओर जा रहे वाहनों को करीब दो किलोमीटर पहले से ही वापस भेजना शुरू कर दिया गया। इससे पर्यटकों को दर्रे तक पहुंचे बिना ही लौटना पड़ा, हालांकि रास्ते में बर्फबारी का नजारा देखकर उन्होंने इसका आनंद भी लिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे तक रोहतांग दर्रे पर पांच सेंटीमीटर से अधिक बर्फ जम चुकी थी। मढ़ी तक बर्फ के फाहे गिरे, जबकि अटल टनल रोहतांग के छोर पर भी करीब दो सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। सुबह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन रोहतांग की ओर निकले थे। बर्फबारी शुरू होने के बाद दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। दर्रे से वापस लौट रहे वाहनों की संख्या बढ़ने से मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। इससे पर्यटकों के साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
जिले की ऊंची चोटियों पर रविवार को बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में करीब दो महीने बाद बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से ठंड बढ़ गई है। लोगों ने गर्म कपड़े निकालने के साथ घरों में हीटर और तंदूर भी जलाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, बारिश से सड़कों और बाजारों में उड़ रही धूल से राहत मिली, लेकिन ढालपुर मैदान में लगे अस्थायी बाजार में कीचड़ फैलने से खरीदारों और दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई।
